Home > विदेश > Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान में फिर आतंकी हमला: पुलिस स्टेशन के बाहर खुद को उड़ाया; 14 की मौत, मचा कोहराम!

Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान में फिर आतंकी हमला: पुलिस स्टेशन के बाहर खुद को उड़ाया; 14 की मौत, मचा कोहराम!

Pakistan SwatTerror Attack: पाकिस्तान के स्वात में पुलिस स्टेशन के बाहर हुए आत्मघाती हमले में 14 लोगों की मौत हो गई. पास में जारी शांति रैली के बीच हुए इस धमाके से पूरा इलाका दहल उठा.

By: Shivani Singh | Published: August 2, 2026 10:23:58 PM IST



पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ. पुलिस स्टेशन के बाहर हुए इस धमाके में 14 लोगों की जान चली गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

पाकिस्तानी समाचार पत्र डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस वक्त यह हमला हुआ, ठीक उसी समय पास के कबल चौक पर आतंकवाद के खिलाफ एक शांति रैली निकाली जा रही थी. स्वात के जिला पुलिस अधिकारी उमर खान ने बताया कि रैली के माहौल के बीच एक संदिग्ध युवक कबल पुलिस स्टेशन के गेट की तरफ बढ़ा.

वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने और उसकी तलाशी लेने की कोशिश की, लेकिन वह रुका नहीं. इससे पहले कि पुलिस उसे काबू में कर पाती, उसने खुद को बम से उड़ा लिया.

फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है, और सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी करके सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

आतंकवाद के खिलाफ सड़क पर उतरे थे लोग

धमाके से ठीक पहले, इलाके के लोग बड़ी संख्या में आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली में एकजुट हुए थे. रैली के दौरान स्थानीय लोगों ने स्वात में लगातार बढ़ रही आतंकी घटनाओं पर गहरा आक्रोश और चिंता जताई.

पाकिस्तानी समाचार पत्र डॉन(Dawn) के अनुसार, प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनके इस आंदोलन का सिर्फ एक ही मकसद है—इलाके में शांति बहाल करना और आतंकवाद की जड़ें उखाड़ फेंकना.

लोगों ने साफ शब्दों में कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है. अगर डर और असुरक्षा का माहौल यूं ही बना रहा, तो लोगों का गुस्सा भड़क सकता है. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर आरोप भी लगाया कि आम और शांतिप्रिय नागरिकों पर तो कार्रवाई की जाती है, लेकिन स्वात के पहाड़ी इलाकों में आतंकी खुलेआम घूम रहे हैं.

मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने जताया शोक

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सुहैल आफरीदी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है और पुलिस महानिरीक्षक (IGP) से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है. पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, ‘शांति के दुश्मनों को उनके नापाक इरादों में कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा.’

दूसरी ओर, खैबर पख्तूनख्वा के राज्यपाल फैसल करीम कुंडी ने भी इस कायराना हमले पर दुख जताया और कहा कि आतंकवादी इस तरह की हरकतों से देश के नागरिकों का हौसला नहीं तोड़ सकते.

पाकिस्तान में लगातार बढ़ रही हैं आतंकी घटनाएं

पाकिस्तान में पिछले कुछ समय से आतंकी वारदातों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज’ की मासिक रिपोर्ट के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा में आतंकवादी गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई के महीने में राज्य के अलग-अलग जिलों में आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं में 154 लोगों की मौत हुई. जून में यह आंकड़ा 75 था यानी सिर्फ एक महीने के भीतर मौतों में 105 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया.

ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स में पाकिस्तान दूसरे स्थान पर

‘ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान दुनिया में आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है (पहले स्थान पर बुर्किना फासो है). 2024 में पाकिस्तान इस सूची में चौथे स्थान पर था.

साल 2025 में टीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) के हमलों में 90% की वृद्धि हुई है, वहीं बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के हमलों में 60% का इजाफा देखा गया है. इसके अलावा, इस्लामिक स्टेट-खुरासान (IS-K) ने भी पाकिस्तान के बड़े शहरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है.

रिपोर्ट बताती है कि पाकिस्तान में होने वाली कुल आतंकी घटनाओं में से 90% सिर्फ खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान के इलाकों में हुई हैं.

रिपोर्ट में लगातार दूसरे साल टीटीपी (Tehrik-i-Taliban Pakistan) को देश का सबसे खतरनाक आतंकी संगठन माना गया है. 2024 में इस संगठन ने 482 हमलों को अंजाम दिया था, जिनमें 558 लोगों की जान गई थी, जो 2023 की तुलना में 91% अधिक था.

Advertisement