Home > विदेश > Hitler Mussolini : आखिरकार हिटलर मुसोलिनी ने जीत लिया चुनाव! बने शहर के मेयर; हैरत में दुनिया

Hitler Mussolini : आखिरकार हिटलर मुसोलिनी ने जीत लिया चुनाव! बने शहर के मेयर; हैरत में दुनिया

Hitler Mussolini: हिटलर मुसोलिनी ने लीमा के उत्तर में हुआनुको इलाके के क्वेरोपाल्का (लगभग 730 लोगों की आबादी वाला इलाका) में एक वामपंथी पार्टी के टिकट पर मेयर का चुनाव जीता है.

By: JP Yadav | Published: October 9, 2026 8:58:46 PM IST



Hitler Mussolini: हिटलर और मुसोलिनी विश्व इतिहास के 2 ऐसे शासक हैं, जिन्होंने लाखों लोगों मौत के घाट उतार दिया. इनकी मौत को कई दशक बीत चुके हैं, लेकिन 21वीं सदी में भी कोई भी शरीफ माता-पिता अपने बच्चों का नाम हिटलर या मुसोलिनी नहीं रखते हैं. बावजूद इसके हिटलर मुसोलिनी सिमोन फ्लोरेस नाम के एक नेता को पेरू के एक शहर का मेयर चुना गया है, हैरत की बात यह है कि वह एक वामपंथी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े थे. 2 फासीवादी तानाशाहों के नाम पर रखे गए इस उम्मीदवार ने क्वेरोपाल्का में मेयर का चुनाव जीता. यह हुआनुको इलाके का एक ज़िला है जहां लगभग 730 लोग रहते हैं और यह लीमा के उत्तर में स्थित है.

45 साल के हिटलर मुसोलिनी सिमोन फ्लोरेस ‘अहोरा नेसियन’ (Ahora Nacion) नाम की सेंटर-लेफ्ट पार्टी से चुनाव लड़ रहे थे. उन्हें 229 वोट मिले, जो कुल 663 वैध वोटों का 34.5 प्रतिशत था. उनका नाम नाज़ी नेता एडॉल्फ हिटलर और उनके इतालवी सहयोगी बेनिटो मुसोलिनी के नाम पर रखे जाने की बात ने स्थानीय मीडिया का ध्यान खींचा, जिसने इसे एक अनोखी बात बताया.

यह अलग बात है के पेरू में माता-पिता का अपने बच्चों का नाम ऐतिहासिक या अनोखा रखना कोई असामान्य बात नहीं है. चाहे उन नामों से कोई नकारात्मक या विवादास्पद बात जुड़ी हो या नहीं. अखबार ‘ला रिपब्लिका’ के अनुसार, माना जाता है कि पेरू के लगभग 2,349 लोगों का नाम वही है जो नाज़ी नेता का था. राजनीति के अलावा, हिटलर मुसोलिनी सिमोन फ्लोरेस पेरू के ही पिल्को मार्का इलाके में ‘सिमोन सैक’ (Simeon Sac) इन्वेस्टमेंट ग्रुप चलाते हैं.

हिटलर बने मेयर

यह वोटिंग देश के राष्ट्रपति चुनाव में दक्षिणपंथी केको सोफिया फुजीमोरी की जीत के बाद पूरे पेरू में हुए क्षेत्रीय और नगरपालिका चुनावों के तहत हुई थी. खबरों के अनुसार, मिस्टर सिमोन फ्लोरेस ने पिछले साल  फुजीमोरी की ‘पॉपुलर फोर्स’ पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया था.पेरू के एक शहर में हिटलर मुसोलिनी सिमोन फ्लोरेस को  नया मेयर चुना गया है.

‘अहोरा नेसियन’ (Ahora Nacion) ने अपनी वेबसाइट पर अपने उम्मीदवार के अनोखे नाम का ज़िक्र करते हुए लिखा- ‘संभावित विजेता का नाम जर्मनी में नाज़ी शासन के नेता एडॉल्फ हिटलर और इटली के तानाशाह व फासीवाद के संस्थापक बेनिटो मुसोलिनी से मिलता-जुलता है. ये दोनों ही दूसरे विश्व युद्ध के दौरान यूरोपीय राजनीति में अहम हस्तियां थीं.’ इस अनोखी बात ने क्वेरोपाल्का के मामले को चुनाव नतीजों के बीच चर्चा का विषय बना दिया.

बताया जा रहा है कि पार्टी खुद को सेंटर-लेफ्ट (मध्य-वामपंथी), सोशल डेमोक्रेटिक और राष्ट्रवादी पार्टी बताती है. यह एक लोकतांत्रिक और विकेंद्रीकृत पेरू राज्य के निर्माण, कानून के समक्ष समानता और भेदभाव के विरोध की वकालत करती है. हिटलर मुसोलिनी सिमोन फ्लोरेस ने अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी ‘पॉपुलर रिन्यूअल पेरू पार्टी’ के गैस्पर बेनिल्डे ओसोरियो ज़ाम्ब्रानो को हराया. विरोधी को सिर्फ 204 वोट (30.8 प्रतिशत) मिले थे.

खुद को बताया ‘अच्छा हिटलर’

लेकिन यह पहली बार नहीं है जब किसी ‘हिटलर’ ने पेरू के मतदाताओं का दिल जीता हो। सेंटर-राइट ‘वी आर पेरू’ पार्टी के हिटलर गेस्कलिन अल्बा सांचेज़ ने 2011 से 2014 के बीच एंडीज़ पर्वतमाला में बसे छोटे से शहर युंगार के मेयर के तौर पर काम किया. खुद को ‘अच्छा हिटलर’ बताने वाले इस नेता ने ‘हिटलर की वापसी’ और ‘जनता के साथ हिटलर’ जैसे नारों के साथ चुनाव प्रचार किया. वर्ष 2018 में हिटलर अल्बा को लेनिन व्लादिमीर रोड्रिगेज वाल्वरडे से चुनौती मिली, जिन्होंने उनकी उम्मीदवारी को अमान्य घोषित कराने की कोशिश की थी.

बचपन में सामान्य लगा हिटलर नाम

यह भी रोचक है कि उन्होंने उस समय कहा था कि जब उनके पिता ने उनका यह नाम रखा था, तो उन्हें नाज़ी जर्मनी के तानाशाह के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. वहीं, हिटलर सावेद्रा ने 2021 से लेकर 2024 में 46 साल की उम्र में अपनी मौत तक ‘वी आर पेरू’ पार्टी के सदस्य के तौर पर पेरू की कांग्रेस में काम किया. नामीबिया में  एडॉल्फ हिटलर ऊनोना ने पिछले साल लगातार पांचवीं बार स्थानीय चुनाव जीता  उन्होंने बीबीसी से कहा कि बचपन में मुझे यह नाम बिल्कुल सामान्य लगता था. स्थानीय अखबार ‘द नामिबियन’ ने पिछले साल खबर दी थी कि सालों तक आलोचना झेलने के बाद उन्होंने अपने पहचान पत्र से बीच का नाम ‘हिटलर’ हटा दिया है. अब उनका नाम सिर्फ़ एडॉल्फ ऊनोना है. 
 

Tags:
Advertisement