दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस के गिरोंद क्षेत्र में जंगलों में भीषण आग लगी है. इस आग की वजह से हजारों लोग घर छोड़ने पर मजबूर हो गए. लेकिन इस त्रासदी के बीच फ्रांस के स्वयंसेवकों ने मानवता की एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी तारीफ पूरी दुनिया में हो रही है.
जंगल में धधकती आग, जहरीले धुएं के बीच वॉलंटियर्स ने अपनी जान की परवाह न करते हुए जंगल के अंदर घुस गए और पीछे छूट गए 100 से अधिक कुत्तों, बिल्लियों, घोड़ों और अन्य बेजुबान जीवों को बचा लिया. स्वयंसेवकों का यह अभियान अभी भी जारी है.
मानवता की मिसाल
जंगल में लगी आग के दौरान शायद ही कहीं जानवरों को बड़े पैमाने पर इस तरह से बचाते देखा गया हो. फ्रांस के स्वयंसेवकों ने मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की है, जिससे पूरी दुनिया को सीखना चाहिए. बता दें कि गिरोंद में लगी आग पेरिस के क्षेत्रफल से लगभग चार गुना बड़े इलाके में फैल गई थी. प्रशासन ने लोगों को आग से बचाने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया.
अचानक आई इस आपदा में कई परिवार अपने पेट्स को साथ नहीं ले जा पाए थे, जिसकी वजह से वो दुखी थे. कई लोग रोते हुए अपने घरों से निकले, क्योंकि उन्हें यह नहीं पता था कि वे अपने प्रिय साथी को दोबारा कभी देख पाएंगे या नहीं.
घर तोड़कर बचाये पालतू जानवर
डेविड नाम के एक वॉलंटियर ने पुलिस की अनुमति से कई बार उन इलाकों तक गए, जहां आग गुजर चुकी थी या तेजी से बढ़ रही थी. उन्होंने देखा कि आग तेजी से एक मकान की ओर बढ़ रही थी, जहां पर चार कुत्ते बंद थे. डेविड और उनकी टीम ने जोखिम उठाकर घर का हिस्सा तोड़ा और अंतिम क्षणों में चारों कुत्तों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. बाद में जब कुत्ते अपने मालिकों से मिले तो वहां मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो गई.