Bilawal Bhutto Marriage Rumours: क्या पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और बनर्जी भुट्टो के बेटे बिलावल भुट्टो जरदारी जल्द ही यूरोप के एक शाही परिवार का हिस्सा बनने वाले हैं? क्या उनकी शादी ऑस्ट्रिया के हैब्सबर्ग परिवार से ताल्लुक रखने वाली ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग से होने वाली है? सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसे ही कई दावे तेजी से वायरल हो रहे हैं.
यहां तक कहा जा रहा है कि शादी की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं. लेकिन इन दावों में कितनी सच्चाई है और क्या वाकई बिलावल की सगाई या शादी तय हो चुकी है? आइए जानें इस पूरी चर्चा की हकीकत.
बिलावल भुट्टो की शादी को लेकर क्या है दावा?
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के बेटे बिलावल भुट्टो जरदारी की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर अचानक चर्चाएं तेज हो गईं. वायरल दावों में कहा गया कि 37 साल के बिलावल की शादी 26 साल की ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग से होने वाली है. दावों में यह भी कहा गया कि आसिफ अली जरदारी अपने बेटे की शादी से जुड़ी बातचीत के लिए यूरोप गए थे. इन चर्चाओं ने तब और जोर पकड़ लिया, जब उनकी कथित यूरोप यात्रा को बिलावल की शादी से जोड़कर देखा जाने लगा.
कौन हैं ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग?
वायरल दावों में जिन ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग का नाम बिलावल की कथित दुल्हनियां के तौर पर लिया जा रहा है, वह ऑस्ट्रिया के हैब्सबर्ग-लोरेन परिवार से जुड़ी हैं. बताया जाता है कि ग्लोरिया, आर्चड्यूक कार्ल और फ्रांसेस्का वॉन थिसेन-बोर्नमिस्जा की बेटी हैं. वह ऑस्ट्रिया के आखिरी शासक सम्राट और हंगरी के आखिरी राजा कार्ल I की परपोती भी हैं.
PPP ने बताया अफवाह
हालांकि, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) ने इन खबरों को खारिज कर दिया है. कराची के मेयर और PPP नेता मुर्तजा वहाब ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बिलावल की सगाई और शादी से जुड़ी खबरों को गलत और बेबुनियाद बताया. इस बयान के बाद साफ हो गया कि सोशल मीडिया पर चल रही शादी की खबरों की फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है.
अफवाह की शुरुआत कैसे हुई?
बिलावल की शादी की अफवाहों के पीछे कई सोशल मीडिया पोस्ट और रिपोर्ट्स को वजह बताया जा रहा है. इनमें दावा किया गया कि आसिफ अली जरदारी लिकटेंस्टीन गए थे और वहां बिलावल की शादी को लेकर बातचीत हुई. इसके बाद सोशल मीडिया पर ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग का नाम बिलावल के साथ जोड़ा जाने लगा. कुछ रिपोर्ट्स में ते यहां तक दावा किया गया कि शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं.
पाकिस्तान के उर्दू अखबार डेली औसाफ ने भी कथित शादी को लेकर एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी. इसमें सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि जरदारी की निजी यूरोप यात्रा कथित शादी की तैयारियों से जुड़ी थी. हालांकि, बाद में यह रिपोर्ट हटा दी गई. यही वजह रही कि सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों को और बल मिला.
जरदारी की विदेश यात्रा की हुई पुष्टि
27 अगस्त 2026 को पाकिस्तानी प्रेसिडेंसी ने यह जरूर पुष्टि की कि आसिफ अली जरदारी निजी यात्रा पर विदेश गए थे. हालांकि, बयान में उनकी यात्रा की जगह या इसके उद्देश्य से जुड़ी कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई. इससे शादी से जुड़ी अटकलों को लेकर चर्चाएं तो बढ़ीं, लेकिन इससे बिलावल की शादी की कोई पुष्टि नहीं होती.