Home > वायरल > जिंदा या मुर्दा? क्या मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर को निगल गया पानी; कॉनर मर्फी की मौत की खबर से मचा हड़कंप

जिंदा या मुर्दा? क्या मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर को निगल गया पानी; कॉनर मर्फी की मौत की खबर से मचा हड़कंप

Who Is Connor Murphy: थाईलैंड में फिटनेस इन्फ्लुएंसर कॉनर मर्फी की कथित मौत की खबरें वायरल हैं, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जानिए घटना, जांच और सामने आई पूरी जानकारी.

By: Sanskriti Jaipuria | Published: July 8, 2026 1:07:05 PM IST



Who Is Connor Murphy: अमेरिकी फिटनेस इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर कॉनर मर्फी (Connor Murphy) को लेकर सोशल मीडिया पर अचानक मौत की खबरें तेजी से फैलने लगीं. दावा किया गया कि थाईलैंड में झील में डूबने से उनकी मौत हो गई है. हालांकि, जुलाई 2026 तक उनके परिवार, आधिकारिक प्रतिनिधियों, सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट्स या किसी सरकारी एजेंसी की ओर से इस खबर की पुष्टि नहीं की गई है. ऐसे में फिलहाल इन दावों को आधिकारिक रूप से सही नहीं माना जा सकता.

 थाईलैंड में आखिर क्या हुआ?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 7 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 3 बजे थाईलैंड के समुत प्राकान (Samut Prakan) प्रांत के बैंग फ्ली (Bang Phli) इलाके में स्थित एक लग्जरी रिहायशी परिसर से सूचना मिली कि एक विदेशी व्यक्ति झील में उतर गया है.

रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों ने किनारे से लगभग 20 मीटर दूर पानी से एक शव बरामद किया. शुरुआती जांच में किसी तरह की बाहरी चोट या हिंसा के साफ संकेत नहीं मिले. अब मामले की सच्चाई जानने के लिए पोस्टमार्टम और टॉक्सिकोलॉजी जांच कराई जाएगी. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले की जानकारी अमेरिकी दूतावास को भी दी जाएगी.यरल

 प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या देखा?

थाई मीडिया आउटलेट ThaiRath की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस के पहुंचने से पहले एक स्थानीय कर्मचारी ने कथित तौर पर कॉनर मर्फी का वीडियो रिकॉर्ड किया था. रिपोर्ट में दावा किया गया कि वो असामान्य व्यवहार कर रहे थे.

बताया गया कि उन्होंने एक ड्राइवर को पैसे देने की कोशिश की, दूसरे व्यक्ति की गाड़ी के पास पहुंचे, सड़क पर जोर-जोर से चिल्लाए, जमीन पर लोटने लगे और प्रार्थना करने जैसी मुद्राएं भी बनाईं. रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस के पहुंचने के बाद वो कॉलोनी के अंदर भागते हुए झील में कूद गए. काफी देर तक तैरने के बाद वो थक गए और गहरे पानी में डूब गए. करीब 30 मिनट की तलाश के बाद गोताखोरों ने उनका शव बाहर निकाला.

 गर्लफ्रेंड ने क्या कहा?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कॉनर मर्फी की 22 साल की गर्लफ्रेंड ने बताया कि वो पिछले लगभग तीन सालों से उनके साथ रिश्ते में थीं. उनका कहना है कि उन्होंने कभी मर्फी को ड्रग्स लेते नहीं देखा और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उस दिन उनका व्यवहार अचानक इतना अलग क्यों था.

उन्होंने ये भी बताया कि दोनों कुछ समय के लिए अपने अलग-अलग लाइफस्टाइल की वजह से दूर हो गए थे, लेकिन बाद में फिर से साथ आ गए थे.

 किराए के घर से क्या मिला?

जांच के दौरान पुलिस ने उस लग्जरी घर की भी तलाशी ली, जहां कॉनर मर्फी रह रहे थे. रिपोर्ट्स के अनुसार, लगभग छह लाख डॉलर कीमत वाले इस घर में फर्नीचर और घरेलू सामान पर कई जगह पेंट फैला हुआ मिला.

इसके अलावा उनकी कार से दो इस्तेमाल न की गई सिरिंज और कमर पर रखे बैग से कुछ अज्ञात गोलियां मिलने की भी बात सामने आई है. हालांकि, जांच एजेंसियों ने साफ किया है कि इन चीजों के आधार पर मौत की वजह तय नहीं की जा सकती. अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा.

 कौन हैं कॉनर मर्फी? (Who Is Connor Murphy)

कॉनर मर्फी अमेरिका के टेक्सास के रहने वाले एक मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर, बॉडीबिल्डर, फिटनेस मॉडल और यूट्यूबर हैं. उन्होंने बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन, वर्कआउट टिप्स, न्यूट्रिशन और फिटनेस से जुड़े वीडियो के जरिए बड़ी पहचान बनाई.

यूट्यूब पर उनकी फिटनेस कंटेंट को लाखों लोगों ने देखा, जबकि इंस्टाग्राम पर भी उन्होंने अपनी फिटनेस और लाइफस्टाइल पोस्ट्स के दम पर मजबूत फैन फॉलोइंग बनाई. उनकी प्रेरणादायक फिटनेस जर्नी और मनोरंजक वीडियो ने उन्हें दुनिया भर के फिटनेस प्रेमियों के बीच लोकप्रिय बनाया.

 

Advertisement