सोशल मीडिया पर आए दिन जानवरों के अजीबोगरीब और मजेदार वीडियो वायरल होते रहते हैं, लेकिन इस बार एक भैंस के वीडियो ने इंटरनेट पर गदर मचा रखा है. आमतौर पर भैंसों को शांति से चरते या जुगाली करते देखा जाता है, लेकिन यह भैंस तो पक्की ‘टीवी लवर’ निकली. इसकी जिद ऐसी है कि जब तक टीवी पर इसका पसंदीदा शो न चल जाए, तब तक यह दूध देने से साफ मना कर देती है. अब आलम यह है कि गांव वालों के लिए इस भैंस का दूध दुहने का समय किसी ‘प्राइम-टाइम एंटरटेनमेंट’ से कम नहीं रह गया है.
‘टीवी देखकर ही देगी दूध’
वायरल वीडियो की शुरुआत में एक शख्स महिला से पूछता है कि भैंस दूध क्यों नहीं दे रही? इस पर महिला मुस्कुराते हुए जवाब देती है कि यह अभी दूध नहीं देगी. जब वह पूछता है कि फिर कब देगी, तो महिला कहती है, ‘टीवी देखने के बाद.’
टस से मस नहीं हुई भैंस
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भैंस एक कमरे के बाहर बिल्कुल शांत खड़ी है और अंदर चल रहे टीवी को एकटक निहार रही है. पास ही हाथ में बाल्टी लिए खड़ी एक महिला भैंस की पीठ थपथपाकर उसे वहां से हटाने की पूरी कोशिश करती है, लेकिन मजाल है कि भैंस अपनी जगह से हिल भी जाए! वह बस नजरें गड़ाए स्क्रीन को देखती रहती है, और बेचारी महिला लाचार होकर आसपास खड़े लोगों का मुंह देखने लगती है.
इंस्टाग्राम पर यह मजेदार नजारा खूब सुर्खियां बटोर रहा है. वीडियो शेयर करने वाले यूजर ने इसके कैप्शन में लिखा है- ‘नो सीरियल, नो मिल्क’ (यानी सीरियल नहीं, तो दूध भी नहीं). अब तक इस वीडियो को 18 लाख (1.8 मिलियन) से ज्यादा लोग देख चुके हैं और कमेंट बॉक्स में तो जैसे ठहाकों की बाढ़ आ गई है.
यूजर्स बोले- ‘कल को यह रील्स की डिमांड करेगी’
वीडियो पर आ रहे कमेंट्स पढ़कर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे. एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “ये भैंस नहीं, घर की सबसे छोटी बहू है.’ वहीं दूसरे ने लिखा, ‘आज टीवी देख रही है, कल को बिना इंस्टाग्राम रील्स देखे दूध नहीं देगी.’ एक और यूजर ने भैंस को मजेदार सलाह देते हुए लिखा, ‘नहीं बेटा, टीवी देखने से आंखें खराब हो जाती हैं, चश्मा लग जाएगा… थोड़ा कम देखा करो.’ हालांकि, यह वीडियो किस जगह का है, इसकी पुष्टि तो नहीं हो पाई है, लेकिन इसने लोगों को हंसने का एक शानदार बहाना जरूर दे दिया है.