Surat Station Rat Eating Food: सूरत रेलवे स्टेशन पर खाने की साफ-सफाई को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक चाय की दुकान के कांच के डिस्प्ले काउंटर के अंदर चूहा खाने का सामान कुतरता हुआ कैमरे में कैद हो गया. जो, अब सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित आउटलेट को बंद कर दिया. मामले की जांच शुरू कर दी गई और स्टॉल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है.
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
यह मामला 29 अगस्त 2026 की सुबह सामने आया, जब एक यात्री ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर किया. वायरल फुटेज में कांच के डिस्प्ले काउंटर के अंदर एक चूहा यात्रियों के लिए रखे खाने के सामान के बीच एक पफ कुतरता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन पर मिलने वाले खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे.
M/S दिनेश एसोसिएट्स टी स्टॉल पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, जिस दुकान का वीडियो सामने आया, उसकी पहचान M/S दिनेश एसोसिएट्स टी स्टॉल के रूप में हुई है. स्टॉल के बोर्ड पर इंडियन रेलवे का लोगो भी लगा हुआ था. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद रेलवे अधिकारियों तक मामला पहुंचा. इसके बाद संबंधित स्टॉल को तत्काल बंद कराने की कार्रवाई की गई.
Rat caught eating a puff at a food stall inside Surat Railway Station.
The video went viral on social media, following which the outlet was sealed by authorities. pic.twitter.com/YIcef64xFA
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) August 31, 2026
वेस्टर्न रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो की जानकारी मिलते ही आउटलेट को सील कर दिया गया. इसके बाद स्टॉल की सफाई कराने के निर्देश दिए गए. रेलवे कमर्शियल डिपार्टमेंट ने भी स्टॉल संचालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले में कॉन्ट्रैक्टर का लाइसेंस कैंसिल करने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है. इसके अलावा कॉन्ट्रैक्टर को सस्पेंड या ब्लैकलिस्ट किए जाने पर भी विचार किया जा रहा है.
सूरत और उधना स्टेशनों पर चलेगा सफाई अभियान
वेस्टर्न रेलवे ने सूरत और उधना रेलवे स्टेशनों पर फूड स्टॉल्स पर एक खास डीप-क्लीनिंग और सैनिटाइजेशन ड्राइव की भी घोषणा की है, जो फूड आउटलेट्स पर सफाई और हाइजीन को बेहतर बनाने के मकसद से चल रहे केटरिंग कैंपेन का हिस्सा है.