कर्नाटक के तुमकुरु जिले से एक ऐसी हैरान करने वाली और फिल्मी कहानी जैसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को अचरज में डाल दिया है. शहर की एक मशहूर ज्वैलरी दुकान से रातों-रात करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने और हीरे के गहने गायब हो गए. सबसे अजीब बात यह थी कि दुकान के ताले और शटर पूरी तरह सुरक्षित थे, और चोरी या जबरन घुसने का कोई निशान तक नहीं मिला. सुबह जब दुकान के कर्मचारियों ने स्टोर खोला और कीमती सामान गायब देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर बिना किसी सेंधमारी के इतने महंगे गहने कहां गायब हो गए. दुकानदारों ने चोर की तलाश के लिए जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो जो सच सामने आया उसने सबको हैरान कर दिया. किसी शातिर चोर ने नहीं, बल्कि एक छोटे से चूहे ने इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया था, जिसके बाद पूरे इलाके में इस अनोखी घटना की चर्चा होने लगी.
गायब हो गए 10 लाख के गहने
यह अनोखी घटना तुमकुरु के कैल्टेक्स सर्कल के पास स्थित ‘विश्वास ज्वैलरी’ की है. जब सुबह दुकान के कर्मचारियों ने शटर खोला, तो वे सन्न रह गए. काउंटर से करीब 50 ग्राम से ज्यादा वजनी सोने और हीरों के गहने (जिनमें अंगूठियां और नेकलेस शामिल थे) गायब थे. दुकान पूरी तरह सुरक्षित थी. न तो ताला टूटा था और न ही कोई जबरन घुसपैठ के निशान थे. इसलिए किसी बाहरी चोर के आने का कोई सवाल ही नहीं था. फिर चोर कौन था? और गहनें रातोंरात कहां गायब हो गए?
सीसीटीवी फुटेज में खुला राज
दुकान में चोरी की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों ने पुलिस में शिकायत करने से पहले सीसीटीवी फुटेज चेक करने का फैसला किया. कैमरे की फुटेज देखकर वहां मौजूद सभी लोग सन्न रह गए. फुटेज में कोई चोर नहीं, बल्कि एक चूहा चुपचाप दुकान के अंदर घूमता हुआ दिखाई दिया. वह चूहा एक-एक करके सोने और हीरे के कीमती गहनों को अपने मुंह से खींचकर फर्श पर ले जा रहा था. उस छोटे से चूहे ने अपनी चतुराई से लाखों के गहने गायब कर दिए थे.किसी को कानो-कान खबर तक नहीं हुई और उसे चूहा लाखों के गहने चुराकर ले गया.
कर्नाटकातील तुमकुरू येथील ज्वेलरी दुकानातून सुमारे 10 लाख रुपयांचे हिरे आणि सोन्याचे दागिने गायब झाल्याने खळबळ उडाली. CCTV तपासल्यानंतर एक उंदीर दागिने तोंडात धरून बिळाकडे नेत असल्याचे समोर आले. कर्मचाऱ्यांनी उंदराच्या बिळातून सर्व दागिने सुरक्षितपणे बाहेर काढले. pic.twitter.com/xtHncBqD40
— Rahul Shelke (@ShelkeRahul9673) July 30, 2026
चूहे के बिल से मिला खजाना
चोर का सुराग मिलने के बाद दुकान के कर्मचारियों ने उस रास्ते को ट्रैक किया जिधर चूहा जा रहा था और चूहे के बिल तक पहुंच गए. बिना देर किए उन्होंने उस बिल को सावधानी से खोदना शुरू किया, ताकि देखा जा सके कि चूहा गहनों को कहां ले गया है. उनकी मेहनत रंग लाई और चूहे के छिपने की जगह, बिल से सारा सामान मिल गया. कर्मचारियों ने चूहे के बिल से कुल 10 अंगूठियां और 3 नेकलेस बाहर निकाल लिए. गनीमत यह रही कि सारे गहने सुरक्षित मिल गए, जिससे दुकान के मालिक को बड़ा आर्थिक नुकसान होने से बच गया. सोशल मीडिया पर अब यह अजीबोंगरीब घटना तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस ‘चूहे की चोरी’ के किस्से पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं.
ये भी पढ़ें:- चोरी के पैसों से खरीदी थी चमचमाती थार, ताबड़तोड़ छापे में सोना-लाखों का माल बरामद; महाराष्ट्र से झारखंड तक मचा हड़कंप!