Home > वायरल > नेपाल की तबाही में चमत्कार! 700 मौतें और हजारों लापता, ढ़ह गए सारे ढ़ांचे… फिर ‘बाढ़ के सैलाब’ को चीरकर कैसे बच गया ‘हरा घर’?

नेपाल की तबाही में चमत्कार! 700 मौतें और हजारों लापता, ढ़ह गए सारे ढ़ांचे… फिर ‘बाढ़ के सैलाब’ को चीरकर कैसे बच गया ‘हरा घर’?

नेपाल में आए भीषण सैलाब में 700 से ज्यादा लोगों की मौत और 3000 लोग लापता हैं. इस भारी तबाही के बीच एक हरे रंग का घर चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बचा रहा, जिसे देख हर कोई हैरान है. यह कोई चमत्कार नहीं बल्कि कमाल है साइंस का.

By: Kajal Jain | Last Updated: August 31, 2026 4:58:34 PM IST



Nepal Flood Viral Home: नेपाल में हाल ही में कुदरत का ऐसा भयंकर कहर देखने को मिला कि देखने वालों की रूह कांप उठी. एक ताकतवर सैलाब अपने साथ भारी-भरकम चट्टानें, कीचड़ और उखड़े हुए पेड़ लेकर दूरदराज के इलाकों में तबाही मचाते हुए निकल पड़ा. इस भीषण बाढ़ और मलबे के बहाव में कई पक्के मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गए. तबाही के इस खौफनाक मंजर में 700 से ज्यादा लोगों की जान चली गई और 3000 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं. हर तरफ बर्बादी का ऐसा आलम था कि चारों तरफ बस चीख-पुकार और मलबे का ढेर नजर आ रहा था. इसी बीच, एक ऐसा चमत्कार देखने को मिला जिसने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है. मलबे और पानी के इस सैलाब के बीच एक छोटा सा हरे रंग का घर शान से अपनी जगह पर खड़ा रहा. घर के अंदर मौजूद परिवार ने अपनी जान बचाने के लिए बालकनी में शरण ली और कुदरत के इस तांडव का डटकर मुकाबला किया.

गनीमत रही कि लगातार पानी के दबाव और मलबे की मार झेलने के बाद भी न सिर्फ वह घर पूरी तरह सुरक्षित बचा रहा, बल्कि अंदर मौजूद सभी लोग भी सकुशल बच गए. इस वायरल वीडियो को देखकर हर किसी के मन में बस एक ही सवाल आ रहा है कि आखिर आसपास की इमारतें धराशायी होने के बावजूद यह इकलौता मकान कैसे बच गया.

मजबूत कंस्ट्रक्शन और आरसीसी फ्रेम का कमाल

वायरल वीडियो और वायरल एक्सप्लेनेशन के मुताबिक नेपाल की इस घाटी में ज्यादातर घर बिना आरसीसी फ्रेम के केवल पत्थर की चुनाई से बनाए जाते हैं. इस तरह के पारंपरिक मकान ऊपर से पड़ने वाले वजन को तो झेल लेते हैं, लेकिन बाढ़ जैसे हादसों में जब पानी का तेज साइड से दबाव पड़ता है तो ये टिक नहीं पाते. इसके उलट, जो घर इस भयानक सैलाब में भी सही-सलामत बच गया, उसे बनाने में मजबूत आरसीसी फ्रेम तकनीक का इस्तेमाल किया गया था.

इस घर की नींव, पिलर और बीम को आपस में मजबूत स्टील की छड़ों से बांधा गया था, जिससे पूरे ढांचे को गजब की मजबूती मिली. इस कंक्रीट फ्रेम की वजह से घर पानी के भारी साइड प्रेशर को आसानी से झेल गया और सारा दबाव नीचे जमीन की तरफ ट्रांसफर हो गया.

सही लोकेशन और पानी के बहाव का रास्ता

मकान के बचने की एक और बड़ी वजह उसकी सही जगह पर बना होना था. यह घर पानी और मलबे के मुख्य बहाव वाले रास्ते से थोड़ा हटकर और थोड़ी ऊंची जमीन पर बना हुआ था. विज्ञान के नियमों के मुताबिक बाढ़ के दौरान सबसे भारी और खतरनाक चट्टानें नदी या नाले के सबसे गहरे हिस्से से बहती हैं. चूंकि यह घर मुख्य रास्ते से थोड़ा साइड में था, इसलिए पानी और मलबा दोनों तरफ से चीरते हुए निकल गया.

इसके अलावा, घर के चारों तरफ जमा हुए कीचड़ ने एक नेचुरल रैंप जैसा आकार ले लिया, जिसने बाद में आने वाले पानी और मलबे की धार को घर से दूर भटका दिया. यह पूरी घटना हमें सिखाती है कि अगर मकान बनाते वक्त सही इंजीनियरिंग, मजबूत मैटेरियल और सुरक्षित जगह का ध्यान रखा जाए, तो बड़ी से बड़ी आपदा से भी बचा जा सकता है.

ये भी पढ़ें:- 8 महीने की शादी, फोन पर झगड़ते थे दोनों: वीडियो कॉल पर पति ने दिखाया खौफनाक सीन, देखकर गहरे सदमे में पत्नी, दे दी जान!

Tags:
Advertisement