Home > वायरल > Haridwar Snake Video: नल में नहीं आ रहा था पानी, टंकी खोल देखा तो उड़ गए होश, अंदर घूम रहे थे 27 सांप, फिर क्या हुआ?

Haridwar Snake Video: नल में नहीं आ रहा था पानी, टंकी खोल देखा तो उड़ गए होश, अंदर घूम रहे थे 27 सांप, फिर क्या हुआ?

Haridwar Snake Viral Video: हरिद्वार में एक घर में पानी की टंकी से 27 सांप निकले हैं. जानकारी के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सभी सांपों का रेस्क्यू किया. फिर जंगल में छोड़ दिया.

By: Hasnain Alam | Published: June 9, 2026 7:48:45 PM IST



Haridwar Snake News: उत्तराखंड के हरिद्वार से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सराय ग्राम स्थित एक घर में पानी की टंकी में सांप दिखने से हड़कंप मच गया. पानी की टंकी में कई सांप घूमते हुए दिखाई दिए. इसके बाद घरवालों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी. फिर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर 27 सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला.

घटना का पता तब चला जब मेन नल में पानी आ रहा था, लेकिन टंकी से पानी नहीं आया. इसके बाद घर वालों ने टंकी के अंदर झांककर देखा. वहां दर्जनों सांप के बच्चे घूमते नजर आए. अचानक इतनी संख्या में सांप दिखाई देने से परिवार के सदस्य दहशत में आ गए.

स्नेक कैचर ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला

इसके बाद घरवालों ने वन विभाग की टीम को सूचना दी. वन विभाग की टीम के साथ पहुंचे स्नेक कैचर तालिब और भोला ने कड़ी मशक्कत के साथ अभियान चलाया और सांपों को इकट्ठा किया. जांच के दौरान टंकी से कुल 27 सांप के बच्चे बरामद हुए, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया.

वन विभाग के रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि संभवतः किसी मादा सांप ने टंकी के भीतर सुरक्षित और ठंडी जगह देखकर अंडे दिए होंगे. तापमान बढ़ने के कारण अक्सर जंगली जीव ठंडी और नम जगहों की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों में घुस जाते हैं.

किस प्रजाति के थे सांप?

रेस्क्यू किए गए सभी सांप कीलबैक प्रजाति के हैं, जिन्हें सामान्य भाषा में ‘पानी का सांप’ कहा जाता है. ये अक्सर जल स्रोतों के पास पाए जाते हैं और इंसानों के लिए अधिक खतरनाक नहीं माने जाते.

वन विभाग की टीम ने सभी 27 बच्चों को सुरक्षित तरीके से जंगल में उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया है. अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वन्य जीव दिखने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत विभाग को सूचित करें. 

वहीं रेस्क्यू अभियान के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई और लोगों के लिए यह विषय चर्चा का विषय बन गया. बताया जा रहा है कि घर अभी निर्माणाधीन है.

Advertisement