ताजमहल का दीदार करने दिल्ली से आगरा जा रहे ट्रैवल व्लॉगर्स या कहें विदेश कपल ‘वेस और निको’ का एक वीडियो तेजी से आग की तरह फैल रहा है जिसमें भारतीय रेल वे से जुड़े कुछ एक्सपीरिएंस और झलकियां शेयर करते नजर आ रहे हैं. कपल के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो भी शेयर किया गया है जिसमें विदेशी महिला निको ने भारतीय रेलवे का मजेदार और हैरान करने वाला सच दुनिया के सामने रखा है. पिछले एक महीने से भारत की सैर कर रहे इस कपल ने सिर्फ 6 यूरो यानी करीब 660 रुपये में दिल्ली से आगरा तक का एसी स्लीपर केबिन बुक किया था. ट्रेन के अंदर की साफ-सफाई, ठंडी हवा, प्राइवेसी के लिए पर्दे और आरामदायक बिस्तर देखकर वे इतने खुश हुए कि उन्होंने इसे ‘अब्सॉल्यूट बार्गेन’ यानी सबसे सस्ता और शानदार सौदा बता डाला. हालांकि, भारतीय ट्रेनों के टॉयलेट्स ने उन्हें बुरी तरह डरा दिया और आगरा स्टेशन पर मची भारी भीड़ देखकर निको ने मजाक-मजाक में यहां तक कह दिया कि ‘लगता है ये लोग मुझे आगरा से बाहर ही भगा देंगे’. इंटरनेट पर उनके इस अनुभव को लेकर तीखी और मजेदार प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है.
इंडियन रेलवे के सस्ते सफर ने किया हैरान
अपने वीडियो में ट्रेवल कपल वेस और निको ने बताया कि जब उन्होंने दिल्ली से आगरा के लिए एसी स्लीपर केबिन बुक किया था, तो उन्हें सोशल मीडिया दावों के मुताबिक काफी खराब एक्सपीरिएंस की उम्मीद थी. लेकिन जैसे ही वे अपनी सीट पर पहुंचे, उनका डर छूमंतर हो गया. केबिन में एसी की ठंडी हवा, साफ-सुथरे दो बिस्तर, प्राइवेसी वाले पर्दे और काम करने वाली लाइट्स देखकर वे हैरान रह गए. सिर्फ दो घंटे के इस सफर के लिए 660 रुपये खर्च करना उनके लिए किसी जैकपॉट से कम नहीं था, जिसे उन्होंने अपनी यात्रा का सबसे बेहतरीन अनुभव बताया.
टॉयलेट्स की बदहाली और वेंडर्स के खाने पर जताई चिंता
कपल्स ने बताया कि कैसे एसी केबिन के अंदर का अनुभव तो शानदार रहा, लेकिन ट्रेन के टॉयलेट्स ने निको का मूड खराब कर दिया. उन्होंने टॉयलेट्स को ‘डिस्गस्टिंग’ यानी बेहद गंदा बताया और कहा कि वे इस बात से भगवान का शुक्र मना रहे थे कि उनका सफर सिर्फ दो घंटे का ही था. इसके अलावा, ट्रेन में मिलने वाले खान-पान को लेकर उन्होंने कहा कि सीट पर खाना ऑर्डर करने या वेंडर्स से खाने-पीने की चीजें खरीदने का ऑप्शन मौजूद था, लेकिन उन्होंने फूड पॉइजनिंग के डर से वेंडर्स का खाना ट्राई करने का रिस्क नहीं लिया.
आगरा स्टेशन की भारी भीड़ और ‘किक आउट’ का मजाक
सफर तो जैसे-तैसे कट गया, लेकिन जैसे ही ट्रेन आगरा रेलवे स्टेशन पर रुकी, वहां का नजारा देखकर विदेशी महिला के होश उड़ गए. स्टेशन पर मची अफरा-तफरी और भारी भीड़ को देखकर निको ने कैमरे पर हंसते हुए एक चेतावनी दी कि ‘मुझे लगता है ये लोग मुझे आगरा से बाहर ही किक आउट (भगा) कर देंगे’. स्टेशन का यह खौफनाक और Chaotic अनुभव उनके लिए किसी एडवेंचर से कम नहीं था.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, लोगों के रिएक्शन
@boutique.diaries द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस 43 सेकंड के वीडियो ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है. इस वीडियो को लाखों व्यूज मिल चुके हैं और कमेंट सेक्शन में भारतीय यूजर्स जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग भारतीय रेलवे की तारीफ कर रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि यदि कपल को ट्रेन के टॉयलेट्स को लेकर असुविधा हो रही थी तो उन्हें 139 पर कॉल करना चाहिए था. एक यूजर ने लिखा कि जब विदेशियों को भारत से बुरे की उम्मीद होती है तो वह भारत आते ही क्यों हैं? तो कुछ विदेशी मेहमानों के इस फनी रिएक्शन पर चुटकी ले रहे हैं. कपल ने अपने इस पूरे सफर का फुल ब्लॉग देखने के लिए दर्शकों को अपने यूट्यूब चैनल पर जाने की सलाह भी दी है.
ये भी पढ़ें:- पद्मावत के ‘जौहर’ को स्वरा भास्कर ने बताया ‘कायरता’ सरेआम कह डाली इतनी कॉन्ट्रोवर्शियल बात, भड़क उठे लोग, जमकर लगाई क्लास!