Andhra Pradesh Vijayawada Accident: आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से सड़क हादसे का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर सड़क पर मोबाइल इस्तेमाल करने के खतरे को उजागर कर दिया है. ट्रैफिक जंक्शन पर सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को पीछे से आ रही बस ने कुचल दिया. पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय व्यक्ति का पूरा ध्यान अपने मोबाइल फोन पर था. वीडियो में भी वो जेब से मोबाइल निकालकर उसे देखते हुए सड़क पार करता नजर आता है. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बस का उसे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं हुआ और कुछ ही पलों में वो हादसे का शिकार बन गया.
बस कुचलते हुए आगे निकल गई
वीडियो में दिखाई देता है कि बस व्यक्ति को टक्कर मारने के बाद उसे कुचलते हुए आगे बढ़ जाती है. वहीं, पीछे से आ रही दूसरी बस समय रहते सतर्क हो जाती है और सड़क पर पड़े व्यक्ति को बचाते हुए आगे निकल जाती है. इस भयावह घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को भी स्तब्ध कर दिया.
మొబైల్ చూస్తూ నడవడం వల్ల విజయవాడలో ఘోర రోడ్డులో ప్రమాదం. #Vijayawada pic.twitter.com/GEDSdleUX0
— Kalyan Babu (@SannidhiBrother) July 9, 2026
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है. मामले की जांच CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर की जा रही है. पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना में चालक की लापरवाही कितनी थी और अन्य परिस्थितियां क्या थीं.
सड़क पर मोबाइल का इस्तेमाल बन सकता है जानलेवा
ये घटना सड़क सुरक्षा को लेकर एक गंभीर चेतावनी भी है. विशेषज्ञ लगातार सलाह देते हैं कि सड़क पार करते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और आसपास के ट्रैफिक पर पूरा ध्यान रखें. इसके बावजूद कई लोग चलते समय मोबाइल देखने या कानों में ईयरफोन लगाकर सफर करने की गलती करते हैं, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. विजयवाड़ा की ये घटना इसी लापरवाही का दर्दनाक उदाहरण बनकर सामने आई है.