Who is Manavi Singh: ‘DM अंकल, सड़क बनवा दीजिए’ यह कहकर सोशल मीडिया पर छा जाने वालीं उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले की मानवी सिंह इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हैं. 6 साल की बच्ची की अपील पर जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है. दरअसल, पिछले दिनों लखीमपुर ब्लॉक के सलेमपुर कोन क्षेत्र में कक्षा एक में पढ़ने वालीं छात्रा मानवी सिंह ने सड़क की शिकायत को लेकर एक वीडियो बना लिया, जिसमें उन्होंने कहा कि ‘हेलो! डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं…, हमारी भी सड़क बनवा दीजिए’ इसके बाद यानी वायरल वीडियो देखने के बाद जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह खुद एक्टिव हो गए. इसके बाद छात्रा मानवी से मिलने उसके घर पहुंच गए. यहां उन्होंने मानवी सिंह के साथ ही सड़क का मुआयना किया. इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क दुरुस्त कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए.
DM अंकल, सड़क बनवा दीजिए
लखीमपुर ब्लॉक के सलेमपुर कोन क्षेत्र की रहने वालीं मानवी सिंह कक्षा-1 में बढ़ती हैं. उनके घर के पास सड़क बहुत क्षतिग्रस्त है. इसके चलते यहां पर गंदगी बहुत है. इस पर छात्रा मानवी सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो बनाकर शेयर कर दिया. इस वीडियो में उन्होंने भावुक अंदाज में अपने घर के पास पानी से भरी सड़क की मरम्मत कराने की गुहार लगाई थी. इसमें कक्षा एक की छात्रा मानवी सिंह ने कहा- ‘डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं…, हमारी भी सड़क बनवा दीजिए’ कहते हुए बनाया गया वीडियो मंगलवार को ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
जलभराव से लोगों को होती है दिक्कत
यहां पर बता दें कि राजकीय पॉलिटेक्निक के पास से गुजरने वाली सड़क क्षतिग्रस्त है. काफी लंबे समय से यहां पर जलभराव की समस्या है. बड़ी परेशानी यह है कि यहां पर सामुदायिक शौचालय, आयुष्मान सेंटर, आंबेडकर पार्क, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पानी की टंकी भी है. ऐसे में यहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं.
सड़क बनी तो मिलेगी लोगों को राहत
वहीं, मानवी की अपील पर डीएम ने तत्काल मरम्मत के निर्देश देते हुए जल्द काम शुरू कराने को कहा. इसके बाद लोगों को आस है कि जल्द ही यहां पर सड़क दुरुस्त हो जाएगी और लोगों का आवागमन ठीक हो जाएगा. यहां पर सड़कों की स्थिति काफी पहले से खराब है. सड़क ठीक हो गई तो ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी.