Home > उत्तर प्रदेश > Video: पुलिस की वर्दी पहने इंस्पेक्टर ने मुस्लिम बुजुर्ग के छुए पैर, तो दूसरे थाने कर दिया गया ट्रांसफर, बजरंग दल ने जताई थी आपत्ति

Video: पुलिस की वर्दी पहने इंस्पेक्टर ने मुस्लिम बुजुर्ग के छुए पैर, तो दूसरे थाने कर दिया गया ट्रांसफर, बजरंग दल ने जताई थी आपत्ति

Sambhal Inspector Transfer: उत्तर प्रदेश के संभल में इंस्पेक्टर सुधीर पंवार ने मुस्लिम बुजुर्ग के पैर छुए थे. इसके बाद बजरंग दल ने आपत्ति जताई थी. उन्हें दूसरे थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है.

By: Sohail Rahman | Last Updated: August 6, 2026 6:12:02 PM IST



Sambhal Inspector Video: उत्तर प्रदेश के संभल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां चेहल्लुम जुलूस के दौरान इंस्पेक्टर सुधीर पंवार ने एक मुस्लिम बुजुर्ग व्यक्ति के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था. इस पूरी घटना के सामने आने के बाद बजरंगदल ने इस पर आपत्ति जताई थी. अब जानकारी सामने आ रही है कि इंस्पेक्टर को हटा दिया गया है और दूसरे थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है.

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल हो रहे इस वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि इंस्पेक्टर मुस्लिम बुजुर्ग के पैर छूते हैं तो बुजुर्ग उनके सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद देते हैं. इस दौरान इंस्पेक्टर के गले में हरा गमछा भी नजर आ रहा है.

असमोली थाने का सौंपा गया चार्ज

बताया जा रहा है कि इसी इंस्पेक्टर ने उस दिन पहले बजरंग दल के एक कार्यकर्ता के साथ अभद्रता की थी. इस घटना के सामने आने के बाद एसपी ने इंस्पेक्टर को संभल कोतवाली से स्थानांतरित कर असमोली थाने का चार्ज सौंपा है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मंगलवार को शहर में चेहलुम जुलूस निकला था, सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो चेहल्लुम जुलूस के दौरान का बताया जा रहा है.



वायरल वीडियो में क्या है?

वायरल हो रहे इस वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि एसएचओ सुधीर पंवार एक घर के अंदर कुर्सी पर बैठे बुजुर्ग मुस्लिम शख्स के पैर छूने के लिए झुक रहे हैं. इसके बाद बुजुर्ग शख्स को अधिकारी के सिर पर हाथ रखते हुए देखा जाता है. वीडियो के प्रसार से जनता के बीच व्यापक अटकलें और बहस छिड़ गई. यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब कुछ ही घंटे पहले विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शंकर कॉलेज चौराहे पर पुतला जलाने को लेकर पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था.

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया था विरोध प्रदर्शन

बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने एसएचओ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और कोतवाली का घेराव किया. इसके अलावा, बजरंग दल के कार्यकर्ता यहीं नहीं रूके उन्होंने थाना परिसर में करीब 30 मिनट तक हनुमान चालीसा का पाठ किया. बाद में सीओ से वार्ता के बाद विरोध समाप्त किया. इन सभी घटनाक्रमों के बीच एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने संभल कोतवाली से एसएचओ सुधीर पंवार का तबादला कर असमोली थाने का चार्ज ले लिया है. वहीं, असमोली के थाना प्रभारी मोहित कुमार को संभल कोतवाली का SHO नियुक्त किया गया है.

Tags:
Advertisement