UP News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में ठेले पर पानी बेचने वाले शख्स की मौत का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. उसकी पत्नी ने नगर निगम की प्रवर्तन टीम के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दरअसल, उनका कहना है कि अतिक्रमण हटानए आए कर्मचारियों ने उसके पति का डंडों से पीछा किया, जिससे भागते समय वह सड़क पर गिर गए.
हालांकि, पुलिस और नगर निगम दोनों ने महिला के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. इस बारे में पुलिस का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने कहा कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई और जांच में अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान पीछा किए जाने की किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है.
अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
यह घटना शनिवार रात करीब 8 बजे हुई. रविवार शाम करीब 6:54 बजे समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए. वहीं दूसरी तरफ मृतक की पत्नी मनीषा देवी का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने बताया कि कर्मचारियों ने सड़क पर उनके पति का डंडों से पीछा किया. भागते समय वे सड़क पर गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई.
अयोध्या से आया ये समाचार बेहद दुखद है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान ठेले पर पानी बेचने वाले बिहार निवासी दीपक कुमार की मौत हो गई। उनकी पत्नी का आरोप है कि प्रवर्तन दलवालों ने डंडा लेकर दौड़ाया था जिसके बाद गिरकर उनके पति की मौत हो गई। पुलिस कह रही है कि उन्हें घटना की सूचना… pic.twitter.com/jZUbTFPxX4
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 2, 2026
यह भी पढ़ें – तमिलनाडु सीएम की गर्लफ्रेंड के खिलाफ की टिप्पणी, उदयनिधि स्टालिन को उठा ले गई पुलिस
कहां का रहने वाला था मृतक?
बताया जा रहा है कि मृतक दीपक कुमार बिहार के गया जिले का रहने वाला था. जो अयोध्या के लता चौक के पास कच्चा घाट पर पानी बेचने का ठेला लगाते थे. वे अपनी पत्नी मनीषा देवी और 4 बच्चों के साथ वहीं रहते थे. मनीषा ने बताया कि शनिवार को उनके पति ने हमेशा की तरह सड़क किनारे अपना ठेला लगाया था. देर शाम प्रवर्तन टीम के कर्मचारी अतिक्रमण हटाने पहुंचे. वे डंडे लहराते हुए वेंडरों और ठेला मालिकों को खदेड़ रहे थे.
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि जब उनके पति ने अपना ठेला हटाना शुरू किया, लेकिन कर्मचारियों ने उनका पीछा किया. भागते समय वे सड़क पर गिर गए. इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई. रविवार को मनीषा एम्बुलेंस में अपने पति का शव लेकर बिहार गईं, उनके साथ गांव के लोग भी थे.