Home > उत्तर प्रदेश > मऊ में हाईवे पुल के नीचे मिली सिर कटी लाश, धड़ और 100 मीटर दूर पड़ा था सिर;पुलिस हत्या के एंगल से कर रही जांच

मऊ में हाईवे पुल के नीचे मिली सिर कटी लाश, धड़ और 100 मीटर दूर पड़ा था सिर;पुलिस हत्या के एंगल से कर रही जांच

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में मंगलवार को एक सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घोसी कोतवाली क्षेत्र के तिलाई बुजुर्ग गांव के पास हाईवे पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला.

By: Shivashakti Narayan Singh | Published: June 30, 2026 6:24:35 PM IST



UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में मंगलवार को एक सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घोसी कोतवाली क्षेत्र के तिलाई बुजुर्ग गांव के पास हाईवे पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला. पुलिस को तलाशी के दौरान शव से करीब 100 मीटर दूर उसका कटा हुआ सिर भी बरामद हुआ. शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव को यहां लाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है.
 
घटना घोसी कोतवाली क्षेत्र के तिलाई बुजुर्ग गांव की है. मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने हाईवे पुल के नीचे नाले के पास एक शव पड़ा देखा. शव की हालत देखकर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी.

करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा शव

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, शव करीब एक सप्ताह पुराना हो सकता है. शव काफी हद तक सड़-गल चुका था. जांच में यह भी सामने आया कि मृतक का दाहिना पैर कृत्रिम (प्लास्टिक) का था. वहीं उसके बाएं हाथ में एक घड़ी मिली है, जिसे पुलिस पहचान का अहम सुराग मान रही है.घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस और फॉरेंसिक टीम को शव से लगभग 100 मीटर दूर कटा हुआ सिर भी मिला. इसके बाद पुलिस को शक है कि यह मामला हत्या का हो सकता है और वारदात कहीं दूसरी जगह अंजाम देने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया.

 फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य

सूचना मिलने पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं. अब पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की वजह और पूरी घटना का पता लगाने में मदद मिलेगी.अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.

Advertisement