UP News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए विवादित बयान का मामला गरमाता जा रहा है. उनके बयान पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला बोला है. सीएम योगी ने कहा कि अजय राय द्वारा अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा- ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है.”
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
उन्होंने आगे लिखा- “पूर्व में कांग्रेस के ‘युवराज’ भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं. कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियापन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है. अब देशवासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है.”
केशव प्रसाद मौर्य ने क्या कहा?
इसके अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा- ”कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अमर्यादित भाषा की ‘बीमारी’ अब पूरी कांग्रेस में नीचे तक फैल चुकी है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुके हैं.”
उन्होंने आगे लिखा- “लगातार चुनावी हार ने कांग्रेस को राजनीतिक और मानसिक, दोनों रूप से दिवालिया कर दिया है. दरअसल, कांग्रेस के पास न जनाधार बचा है, न मुद्दे और न ही जनता का विश्वास. इसलिए, वे अब ‘अपशब्दों’ और ‘विषवमन’ को ही राजनीति समझ बैठे हैं.”
मौर्य ने लिखा- “सच यह है कि प्रधानमंत्री पर कांग्रेस नेताओं का कहा हर अपशब्द उसकी लगातार होती राजनीतिक पराजयों की पीड़ा और सत्ता से दूर होने की छटपटाहट का सबूत है. देश की जनता ऐसे अहंकारी और संस्कारविहीन नेताओं को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी.”
अजय राय ने लोगों से पीएम के बारे में अपशब्द कहा
बता दें कि अजय राय का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रधानमंत्री मोदी के लिए अभद्र टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे हैं. अजय राय कार में बैठे हुए हैं. जैसे ही उनकी कार आगे बढ़ती है, तब वे कार के पास खड़े लोगों से प्रधानमंत्री के बारे में अपशब्द कहते हैं. फिलहाल उनके बयान पर राजनीति तेज हो गई है.