Unnao Wedding Drama: शादी का दिन किसी भी परिवार के लिए सबसे खास होता है. उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में भी ऐसा ही कुछ नाजरा था. घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, रिश्तेदार जश्न की तैयारियों में जुटे थे और दुल्हन अपने दूल्हे के स्वागत का बेसब्री से इंतजार कर रही थी.
लेकिन बारात निकलने से कुछ ही देर पहले एक ऐसी घटना हुई, जिसने शादी की सारी खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं. दूल्हे की गर्लफ्रेंड ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूल्हे को हिरासत में ले लिया. इसके बाद न बारात निकली और न ही शादी हो सकी.
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना बांगरमऊ इलाके की है, जहां हरदोई जिले से एक युवक की बारात आने वाली थी लेकिन, दूल्हा पहले से ही एक लड़की के साथ रिलेशनशिप में था. जैसे ही शादी की तैयारियां पूरी हुईं और बारात निकलने वाली थी, गर्लफ्रेंड ने हरदोई पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हे को हिरासत में ले लिया.
दुल्हन घंटों इंतजार करती रही
इस घटना के बाद शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं. दुल्हन, जो बेसब्री से बारात का इंतजार कर रही थी, घंटों इंतजार करती रही, लेकिन बारात नहीं आई. इससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई और रिश्तेदार सदमे में हैं.
इस घटना के बाद दुल्हन के परिवार ने गुस्सा जाहिर किया है और बांगरमऊ पुलिस से सच्चाई सामने लाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है और लोग इसे प्रेम प्रसंग का चौंकाने वाला मामला बता रहे हैं.