Home > उत्तर प्रदेश > Ballia Road Accident: भीषण सड़क हादसे में उजड़ा हंसता-खेलता परिवार, पति-पत्नी की हुई मौत; 3 साल की मासूम हुई अनाथ

Ballia Road Accident: भीषण सड़क हादसे में उजड़ा हंसता-खेलता परिवार, पति-पत्नी की हुई मौत; 3 साल की मासूम हुई अनाथ

Ballia Road Accident: बलिया के उभांव क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए. घटना के बाद मृतकों के घर में कोहराम मच गया.

By: Preeti Rajput | Published: May 7, 2026 12:08:54 PM IST



Ballia Road Accident: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से हृदय को छल्ली कर देने वाली खबर सामने आई है. उभांव थाना क्षेत्र के अवायां गांव के पास भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गये. घटना के बाद से ही मृतकों के घर करुण-क्रंदन व कोहराम मच गया.

ई-रिक्शा से हुई टक्कर 

बताया जा रहा है कि उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बिल्थरारोड नगर के वार्ड नंबर 6 निवासी धन्नजय चौधरी (35) नगरा सरकारी अस्पताल में तैनात अपनी एएनएम पत्नी नीतू (32) के साथ बाइक से बुधवार की अपरान्ह नगरा से घर लौट रहे थे. अवायां गांव के पास उनकी बाइक की ई-रिक्शा से टक्कर हुई, जिसके बाद एक कार से भी टकरा गई. 

पति-पत्नी की हुई मौत

हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी के अलावा अन्य वाहनों पर सवार पंकज पुत्र गुलाब दीन (निवासी अवायां), गिरिजा देवी (निवासी शाहपुर अफगां), राजाराम (निवासी तेलमा), संगीता यादव (निवासी छोटी टंगुनिया), ज्योति (निवासी टंगुनिया), विमली देवी (निवासी शाहपुर), राज (निवासी बेल्थरा रोड), चांदनी देवी (निवासी शाहपुर) तथा रेनू देवी (निवासी कोथ) इत्यादि घायल हो गये. आस-पास के लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी सीयर पहुंचाया. इलाज के दौरान नीतू की मौत हो गई. 

अनाथ हुई 3 साल की मासूम

वहीं, गंभीर रूप से घायल धन्नजय और आठ अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए बलिया तथा मऊ रेफर किया गया. मऊ में उपचार के दौरान देर रात धन्नजय चौधरी की भी सांसे थम गई. उभांव पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया. पति-पत्नी की मौत के बाद बेल्थरा रोड में शोक की लहर है, जिसे भी इस मनहूस घटना की जानकारी हो रही है वह पीड़ित परिवार को संवेदना जताने पहुंच रहा है. बेटे और बहू की मौत से मर्माहत पिता अमिर चंद को मानो काठ मार गया हो. कमोवेश यही स्थिति पूरे परिवार की है. वहीं, मां-बाप की मौत से दम्पती की तीन वर्षीय मासूम बेटी अनाथ हो गई है.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement