उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में जांच के दौरान नए-नए ट्विस्ट सामने आ रहे हैं. अब शिवा शर्मा की हत्या में गिरफ्तार श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे के अलावा तनवीर अली उर्फ दानिश से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, खुलासा हुआ है कि हत्या (वारदात) के दिन श्रद्धा दुबे ने अपने बॉयफ्रेंड शिवा शर्मा को बुरी तरह से मानसिक और शारीरिक रूप प्रताड़ित किया था. इस दौरान विवाद में शिवा शर्मा को बेइज्जत करने के लिए श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि ने उसके सारे कपड़े उतरा लिए और उसके पूरे शरीर पर लिपिस्टिक पोत दी.
करवाया अश्लील डांस
यह भी पता चला है कि शिवा से जबरन डांस करवाया गया था. डांस करने के दौरान श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि के अलावा करीबी आमिर और ड्राइवर दानिश वहीं पर मौजूद थे. चारों ने अपने सामने शिवा शर्मा को डांस करते हुए देखा था.
घंटों किया बेइज्जत
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि श्रद्धा दुबे और रश्मि बेरहमी पर उतारू थे. कई घंटों तक चारों (रश्मि, श्रद्धा, आमिर और दानिश) के सामने शिवा शर्मा प्रताणित होता रहा. पूछताछ में यह भी पता चला है कि श्रद्धा सबके सामने शिवा शर्मा से अपने पैर तक दबवाती थी. यह भी आरोप है कि श्रद्धा दुबे ने डांस समेत शिवा शर्मा के कई अंतरंग वीडियोज भी बनाए थे. वह इन वीडियोज के जरिये शिवा शर्मा को ब्लैकमेल करती थी.
यहां पर बता दें कि 9 अक्टूबर 2026 को शुक्रवार के दिन हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत हो गई थी. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 अक्टूबर 2026 को मंगलवार को श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक तनवीर अली उर्फ दानिश को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया था. शिवा शर्मा की मौत के बाद तीनों आरोपी लखनऊ (उत्तर प्रदेश) से फरार हो गए थे. पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. इसके बाद श्रद्धा दुबे के नेपाल में होने की जानकारी सामने आई थी. उसने कई वीडियो भी जारी किए थे. कई दिनों तक तलाश के बाद आखिरकार 20 अक्टूबर को यूपी एसटीएफ, लखनऊ पुलिस और नागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीनों को नागपुर से गिरफ्तार किया गया था. ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाने के बाद उनसे पूछताछ की गई और फिर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. फिलहाल तीनों जेल में बंद हैं.