Home > उत्तर प्रदेश > फीस मनमानी पर सख्त हुए डीएम, 15 निजी स्कूलों को नोटिस जारी कर मांगा तुरंत जवाब

फीस मनमानी पर सख्त हुए डीएम, 15 निजी स्कूलों को नोटिस जारी कर मांगा तुरंत जवाब

Sambhal News: संभल में डीएम डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने निजी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी पर सख्ती दिखाते हुए 15 स्कूलों से आज ही जवाब मांगा. महंगी किताबों की शिकायत पर एनसीईआरटी पुस्तकों को बढ़ावा देने और निजी प्रकाशकों पर नियंत्रण के निर्देश दिए.

By: Shivashakti Narayan Singh | Published: April 28, 2026 7:44:43 PM IST



Sambhal News: संभल जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में सीबीएसई एवं आईसीएसई से संबद्ध निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक हुई. बैठक में शुल्क वृद्धि, एनसीईआरटी की पुस्तकें और नामांकन अभियान पर चर्चा की गई.

बैठक में बताया गया कि पिछली बैठक में जिन विद्यालयों ने जिला शुल्क नियामक समिति से अनुमोदन के बिना निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली की थी, उन्हें प्रत्यावेदन का समय दिया गया था. निस्तारण के बाद 15 विद्यालय अधिक शुल्क लेने के दोषी पाए गए. डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि इन 15 विद्यालयों से संबंधित शुल्क का विवरण आज ही प्रधानाचार्यों को दें और आज ही उनका पक्ष लेकर पत्रावली प्रस्तुत करें.

महंगी किताबों पर लगेगा नियंत्रण  

डीएम ने कहा कि कक्षा नर्सरी से कक्षा 8 तक निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकें चलाए जाने की शिकायतें मिल रही हैं. उन्होंने डीआईओएस और बीएसए को इन पर नियंत्रण लगाने के निर्देश दिए. एनसीईआरटी की पुस्तकों को बढ़ावा दिया जाए.

शत-प्रतिशत नामांकन का निर्देश  

बैठक में कक्षा 8 और कक्षा 10 उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं का कक्षा 9 एवं 11 में शत-प्रतिशत प्रवेश कराने के निर्देश दिए गए. डीएम ने कहा कि अभियान चलाकर नामांकन का कार्य पूरा करें. ड्रॉप आउट रोकने के लिए जिन बच्चों ने आगे पंजीकरण नहीं कराया उनकी सूची डीआईओएस कार्यालय को दें.

ज्ञान भारतम मिशन से जुड़ें  

मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने बताया कि सांस्कृतिक मंत्रालय का ज्ञान भारतम मिशन प्राचीन पांडुलिपियों और सांस्कृतिक धरोहरों को डिजिटल रूप में संरक्षित करने के लिए शुरू किया गया है. डीएम ने कहा कि यह पीएम का मिशन है. किसी के पास पुराने रिकॉर्ड, डायरी, यात्रा वृतांत हों तो जानकारी दें.

7 मई से शुरू होगी स्व-गणना  

डीएम ने बताया कि जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक चलेगी. लोग गणना कर्मी के आने से पहले ही ऑनलाइन जानकारी भर सकते हैं. 

29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन  

डीएम ने बताया कि 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री हरदोई से गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे. जनपद सम्भल में लहरावन के पास इंटरचेंज पर भी कार्यक्रम होगा.बैठक में एडीएम प्रदीप वर्मा, डीआईओएस सर्वेश कुमार, बीएसए अलका शर्मा, प्रभारी डीपीएमयू श्यामा कुमार व सीबीएसई-आईसीएसई स्कूलों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement