55
Saharanpur Jan Sunwai: सहारनपुर ज़िले में आयोजित जनसुनवाई में आज सफाई सम्बंधी तीन, अतिक्रमण व पानी सम्बंधी दो-दो समस्याएं सामने आयी. नगरायुक्त शिपू गिरि ने सात समस्याओं में से सफाई सम्बंधी एक समस्या का तत्काल निस्तारण कराया वहीं अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए है. कार्रवाई के दौरान नगरायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में आयी समस्याओं का त्वरित निदान करें और उसके सम्बंध में शिकायतकर्ता को तुरंत अवगत कराएं.
जनसुनवाई में आई शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
दरअसल, ज़िले में आयोजित जनसुनवाई में पहुँचे वार्ड 33 प्रेमनगर कॉलोनी आईटीआई निवासी सौरभ ने कॉलोनी में कूड़ा जमा होने की शिकायत करते हुए उसे साफ कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया. जिस पर नगरायुक्त ने सम्बंधित क्षेत्रीय निरीक्षक व सफाई मित्र को मौक़े पर भेजकर समस्या का त्वरित समाधान कराया. वहीं, वार्ड संख्या 02 संकटमोचन श्री बालाजी धाम निवासी अनिल सैनी ने बाला जी धाम के निकट सफाई व चूना छिड़काव कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया. वार्ड 63 अहमद नगर निवासी हौजखेड़ी रोड राजपूत कॉलोनी निवासी नसीब खान ने राजपूत कॉलोनी में नाले की सफाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया. नगरायुक्त ने उक्त दोनों मामलों में क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए.
वार्ड वासियों ने रखी अपनी समस्याएं
वार्ड संख्या 36 अहमद नगर निवासी अहसान ने अहमद नगर का ट्यूबवेल ठीक कराने के लिए व वार्ड 54 उपवन विहार निवासी इसरार ने पानी की पाइप लाइन से लीकेज ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया. नगरायुक्त ने जलकल विभाग को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. जबकि वार्ड 43 पुल बंजारान सराय गरीबा निवासी शाकिर ने सराय गरीबा में कबाड़ियों द्वारा किये गए अतिक्रमण तथा वार्ड 42 भारत माता चौक निवासी हर्षित जैन ने उसकी दुकान के पास किये गए अतिक्रमण को हटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया. जिस पर नगरायुक्त ने प्रवर्तन दल प्रभारी को मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.