Home > उत्तर प्रदेश > ‘बस 4 महीने ही टिक पाई लव मैरिज…’, परीक्षा केंद्र के बाहर सगे साले ने जीजा के साथ किया ऐसा कांड, रोती रह गई बहन

‘बस 4 महीने ही टिक पाई लव मैरिज…’, परीक्षा केंद्र के बाहर सगे साले ने जीजा के साथ किया ऐसा कांड, रोती रह गई बहन

Saharanpur Murder: सहारनपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र के बाहर 24 वर्षीय शिव कुमार की गोली मारकर हत्या. मृतक की पत्नी ने अपने भाई पर प्रेम विवाह से नाराज होकर ऑनर किलिंग का आरोप लगाया. पुलिस जांच और कार्रवाई में जुटी.

By: Sanskriti Jaipuria | Published: July 8, 2026 6:15:55 PM IST



Saharanpur Murder: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. रामपुर मनिहारान इलाके के गोचर महाविद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी पत्नी को पुलिस भर्ती की परीक्षा दिलाने आए एक 24 साल के युवक की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तफ्तीश शुरू कर दी है.

मृतक की पहचान शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र के रहने वाले शिव कुमार (24 वर्ष, पिता शैलेश कुमार) के रूप में हुई है. शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए गोचर कॉलेज आया था. आकांक्षा जब परीक्षा देने के लिए कॉलेज के भीतर चली गई, तब शिव कुमार बाहर ही उसका इंतजार कर रहा था. इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावर ने उसके सिर से तमंचा सटाकर गोली दाग दी, जिससे शिव कुमार की मौके पर ही तड़प-तड़प कर जान चली गई.

 सगे साले पर लगा हत्या का आरोप

इस खौफनाक हत्याकांड के बाद मृतका आकांक्षा ने रोते-बिलखते हुए अपने ही सगे भाई मंजीत पर पति की हत्या का सीधा आरोप लगाया है. आकांक्षा के मुताबिक, उसने करीब चार महीने पहले शिव कुमार के साथ अपनी मर्जी से लव मैरिज (प्रेम विवाह) की थी. इस शादी से उसके मायके वाले बेहद नाराज थे और लगातार इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे. आकांक्षा का कहना है कि इसी रंजिश और झूठी शान (ऑनर किलिंग) के चक्कर में उसके भाई ने इस वारदात को अंजाम दिया. दूसरी तरफ, मृतक के भाई ने भी लड़की के परिवार पर ही हत्या की साजिश रचने का आरोप मढ़ा है.

 पुलिस की कार्रवाई और इलाके में तनाव

वारदात की गंभीरता को देखते हुए आला पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और परिजनों से मिलने वाली लिखित तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है. हत्यारे भाई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. इस घटना के बाद से दोनों पक्षों के गांवों और परिवारों में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए एहतियात बरती जा रही है.

Advertisement