Home > उत्तर प्रदेश > शादी, बारात और पिकनिक के लिए मिलेगी रोडवेज की इलेक्ट्रिक बसें, 12 घंटे के लिए देना होगा इतना किराया

शादी, बारात और पिकनिक के लिए मिलेगी रोडवेज की इलेक्ट्रिक बसें, 12 घंटे के लिए देना होगा इतना किराया

अगर आप अपने परिवार के साथ घूमने का प्लान बनाने वाले हैं, तो आगे यूपी रोडवेज की इलेक्ट्रिक एसी बसें किराये पर ले सकेंगे. परिवहन निगम ने इसकी बुकिंग सेवा शुरू कर दी है. बसों को 12 घंटे के लिए किराये पर बुक कर सकेंगे.

By: Deepika Pandey | Published: June 3, 2026 6:45:08 PM IST



Roadways electric buses: अगर आप शादी, बारात या परिवार के साथ पिकनिक पर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो यूपी रोडवेज की इलेक्ट्रिक एसी बसें अब आपके लिए एक नया और सुविधाजनक विकल्प हैं. परिवहन निगम ने इन आधुनिक बसों की बुकिंग सेवा शुरू कर दी है. इन इलेक्ट्रिक बसों को 12 घंटे के लिए किराये पर लिया जा सकता है. इसके लिए 17,784 रुपये शुल्क देना होगा. फिलहाल चार्जिंग स्टेशनों की सीमित व्यवस्था के कारण एक बुकिंग में बस अधिकतम 180 किलोमीटर तक ही चल सकेगी. अगर यात्रा 12 घंटे से ज्यादा चलती है, तो अतिरिक्त 12 घंटे का अलग शुल्क देना होगा. 

बस में क्या मिलेंगी सुविधाएं

बसों में आरामदायक सीटें और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे शादी, बारात और पिकनिक का सफर और भी आरामदायक बन जाएगा. पहले रोडवेज की बसें 24 घंटे के लिए करीब 27 हजार रुपये में बुक होती थीं. यात्री क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय या अपने नजदीकी रोडवेज डिपो से बस की बुकिंग करा सकते हैं.

इन जगहों पर चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें

इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए गोरखपुर से वाराणसी के लिए सुबह 6 बजे बसस लग जाएगी और 6:30 बजे रवाना होगी. इसका किराया 454 रुपये है. वहीं अयोध्या, सोनौली, ठूठीबारी और पडरौना के लिए भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है. गोरखपुर से वाराणसी के लिए बसें सुबह 6:30 बजे और दोपहर 3 बजे रवाना होंगी. 

क्या बोले क्षेत्रीय प्रबंधक?

क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह के अनुसार, गोरखपुर को 20 इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं. फिलहाल 10 बसों का संचालन शुरू किया गया है. चार्जिंग स्टेशन का काम पूरा होने के बाद सभी बसों को सेवा में लगा दिया जाएगा. अलग-अलग जगहों पर अलग समय और किराए के साथ बस शुरू की जाएगी. इन बसों के चलने से लोगों को राहत मिलेगी. लोग आरामदायक सुविधा के साथ रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या जा सकेंगे.

Advertisement