Raebareli news: रायबरेली जिले के देवी खेड़ा गांव में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस समय हिंसा में बदल गया, जब दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने जयमाल के स्टेज पर ही दुल्हन के भाई पर तलवार से हमला कर दिया. शादी का माहौल कुछ ही मिनटों में चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गया, और बिना शादी किए ही बारात वापस लौट गई.
सजी थी महफिल, खुशियों में डूबी थी बारात
देवी खेड़ा गांव में मोहनलाल अपनी बेटी प्रीति गौतम की शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे. बरसों की मेहनत और जमा पूंजी से उन्होंने शादी की पूरी तैयारी की थी. बारात खचोहन का पुरवा (नेरथुआ) से रामसागर के बेटे सूरज के साथ धूमधाम से पहुंची. डीजे की धुन पर बाराती नाच रहे थे, स्वागत-सत्कार हो रहा था और पूरा माहौल खुशियों से भरा था.
जयमाल से पहले दूल्हे की बदल गई नीयत
जब दूल्हा सूरज जयमाल के स्टेज पर पहुंचा, तब तक सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन जैसे ही दुल्हन प्रीति स्टेज पर पहुंची, दूल्हे ने अचानक दहेज की मांग रख दी. उसने साफ तौर पर कहा कि जब तक उसे बाइक और अंगूठी नहीं दी जाएगी, वह शादी नहीं करेगा.
मिन्नतों के बाद भी नहीं पिघला दूल्हा
दुल्हन के पिता मोहनलाल ने हाथ जोड़कर दूल्हे से समय देने की गुहार लगाई. उन्होंने समझाने की कोशिश की कि वह व्यवस्था कर देंगे, लेकिन दूल्हा अपनी जिद पर अड़ा रहा. मौके पर मौजूद लोग भी समझाने की कोशिश करते रहे, मगर स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई. बहस बढ़ने पर दूल्हे ने अचानक आपा खो दिया और म्यान से तलवार निकालकर दुल्हन के भाई धीरज के सिर पर हमला कर दिया. इस हमले में धीरज गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. शादी का पूरा माहौल खून और चीखों में बदल गया.
बिना शादी लौट गई बारात
घटना के बाद दूल्हा और उसके परिजन मौके से भाग निकले और बिना शादी किए ही बारात वापस ले गए. जिस घर में कुछ देर पहले खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया. पीड़ित पिता मोहनलाल का आरोप है कि सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इस मामले में बछरांवा थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि दहेज की मांग को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें दुल्हन का भाई घायल हुआ है. तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.