Raebareli road accident: रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का खौफनाक नतीजा सामने आया है. सलोन-जायस मार्ग पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में हाजीपुर ग्राम प्रधान के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. इस हादसे ने एक खुशहाल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
आमने-सामने की टक्कर से हुआ भीषण हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात सलोन-नसीराबाद मार्ग पर त्रिलोकपुर मोड़ के पास दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
प्रधान पुत्र समेत चार लोग हादसे का शिकार
हादसे के समय बाइक (UP 33 CC 4370) पर सवार अमित, जो हाजीपुर के ग्राम प्रधान रामसजीवन के पुत्र थे, अपने साथी अभिषेक के साथ घर लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक (UP 72 CF 1748) से उनकी सीधी टक्कर हो गई. इस टक्कर में दोनों बाइकों पर सवार कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल पहुंचते ही युवक ने तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी. सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया. वहीं, अन्य तीन घायलों-श्रीलाल, मुकेश और अभिषेक-की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है. अमित की मौत की खबर मिलते ही हाजीपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है. पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.