Home > उत्तर प्रदेश > Raebareli Encounter: रायबरेली में गूंजी गोलियां, पुलिस मुठभेड़ में तीन लुटेरों के पैर हुए ‘छलनी’; 7 दबोचे!

Raebareli Encounter: रायबरेली में गूंजी गोलियां, पुलिस मुठभेड़ में तीन लुटेरों के पैर हुए ‘छलनी’; 7 दबोचे!

Raebareli Encounter: रायबरेली में ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत पुलिस ने दो मुठभेड़ों में जल जीवन मिशन गोदाम लूट गिरोह के 7 बदमाश पकड़े, तीन घायल, अस्पताल में भर्ती.

By: Preeti Rajput | Published: May 6, 2026 10:17:26 AM IST



Raebareli Encounter: रायबरेली जनपद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’ पूरी रफ्तार से जारी है. बीती रात थाना डीह और भदोखर पुलिस ने संयुक्त रूप से बदमाशों के दुस्साहस का करारा जवाब दिया. जल जीवन मिशन के गोदाम में लूटपाट करने वाले गिरोह के साथ हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में पुलिस ने 7 शातिर बदमाशों को दबोच लिया. इस दौरान आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

आधी रात को गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि बीती 4 मई की रात करीब 2 बजे बदमाशों ने जल जीवन मिशन के गोदाम पर धावा बोलकर पीतल की टोंटियां लूटी थीं और दो चौकीदारों को लहूलुहान कर दिया था. इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 5 टीमें गठित की गई थीं.

बुधवार की रात मुखबिर की सटीक सूचना पर जब पुलिस ने डीह थाना क्षेत्र में घेराबंदी की, तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी. जवाबी कार्रवाई में अक्षत मिश्रा और मोहित आर्या के पैर में गोली लगी. वहीं उनके तीन अन्य साथी संतोष, अभिषेक और अरविंद को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

घंटे भर बाद भदोखर में फिर हुई ‘मुठभेड़’

अभी डीह की कार्रवाई चल ही रही थी कि करीब एक घंटे बाद भदोखर थाना क्षेत्र में भी बदमाशों के मूवमेंट की खबर मिली. यहाँ भी लुटेरे माल खपाने की फिराक में थे. पुलिस ने जब इन्हें रोकने का प्रयास किया तो फिर से फायरिंग शुरू हो गई. इस मुठभेड़ में प्रयागराज साहू पुलिस की गोली का शिकार हुआ, जबकि उसका साथी सूरज गिरफ्तार कर लिया गया.

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से जल जीवन मिशन से लूटी गईं. 10 बोरा पीतल की टोंटियां, 3 अवैध तमंचा , 2 जिंदा कारतूस और 3 खोखा कारतूस व घटना में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन और एक ई-रिक्शा लोडर बरामद किया है.

अस्पताल में भर्ती हैं ‘लंगड़े’ हुए बदमाश

एएसपी ने बताया कि मुठभेड़ में घायल हुए अक्षत, मोहित और प्रयागराज को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है. एएसपी का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है. इस बड़ी कामयाबी के बाद इलाके में पुलिस का खौफ और जनता में सुरक्षा का भाव देखा जा रहा है.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement