Raebareli GRP Rescue: रेलवे स्टेशनों पर महिला सुरक्षा को लेकर जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) कितनी मुस्तैद है, इसकी बानगी डलमऊ स्टेशन पर देखने को मिली. जीआरपी ऊंचाहार की सतर्कता से एक 19 वर्षीय युवती को न केवल असुरक्षित माहौल से निकाला गया, बल्कि उसे उसके परिवार से भी मिलाया गया. इस दौरान जीआरपी के मानवीय चेहरे की हर तरफ सराहना हो रही है.
जीआरपी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे और एसपी रेलवे लखनऊ रोहित मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ फेज-05 के तहत जीआरपी अलर्ट मोड पर थी. इसी बीच डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवती शाम से डलमऊ रेलवे स्टेशन पर अकेली और परेशान हाल में बैठी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ऊंचाहार चौकी इंचार्ज उ.नि. दिलीप कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे.
धोखे का शिकार हुई थी युवती
जीआरपी की पूछताछ में सामने आया कि डलमऊ निवासी युवती ने जनवरी में प्रेम विवाह किया था. उसके पति ने उसे कानपुर साथ ले जाने के लिए स्टेशन बुलाया था, लेकिन वह खुद नहीं आया. युवती घंटों इंतजार करती रही, पर पति ने उसे बीच राह में ही छोड़ दिया.
जीआरपी ने निभाया ‘रक्षक’ का फर्ज
युवती की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जीआरपी टीम ने तुरंत उसके पिता से संपर्क किया और उन्हें स्टेशन बुलाया. जीआरपी जवानों की मौजूदगी में पिता को उनकी बेटी सुपुर्द की गई.बेटी को सुरक्षित पाकर पिता ने रायबरेली जीआरपी पुलिस की कार्यशैली की जमकर तारीफ की और धन्यवाद दिया.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.