Prayagraj Lover Murder Disclose: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (पूर्व में इलाहाबाद) जिले में 2 लड़के आपस में रिश्तेदार थे और दोनों एक ही लड़की से प्यार करते थे. रिश्ते में ममेरा भाई लड़की को छोड़ने के लिए तैयार नहीं था. कई बार चेतावनी दी, लेकिन नहीं मानने पर युवक ने अपने ममेरे भाई की हत्या की साजिश रच डाली. आरोपी रील बनाने वाले युवक ने मौका मिलने पर पूरी प्लानिंग के तहत अपने ही ममेरे भाई को मार डाला. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों एक ही लड़की से प्यार करते थे और जब ममेरा भाई पीछे नहीं हटा तो मार डाला.
पूरा मामला मामला सोरांव थाना क्षेत्र का है. 23 जुलाई, 2026 को पुलिस को फोन कॉल पर जानकारी दी गई कि एक युवक सुमित उर्फ साहिल का शव गंगा किनारे रेलवे लाइन के पास जली हालत में मिला है. इसके बाद जांच में पता चला कि शिवम राय अपने ममेरे भाई सुमित उर्फ साहिल को साजिश के तहत बहाने से गंगा किनारे रेलवे लाइन के पास लेकर गया था. बातचीत के क्रम में शिवम राय अपने मोबाइल फोन में सुमित को फोटो और वीडियो दिखाने लगा. दरअसल, शिवम रील भी बनाता था. रील/वीडियो देखने में व्यस्त सुमित को यह पता नहीं था कि मौत उसके पास खड़ी है. इस बीच शिवम ने अपने साथ लाए बैग में रखा हथौड़ा निकाला. इसके बाद सुमित के सिर पर हमला कर उसे मार डाला. इसके बाद पहचान मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर शव को आग लगा दी.
जिंदा बताकर मांगी गई 50 लाख की फिरौती
सुमित मूलरूप से भदरी गांव का रहने वाला था.पिता शिव प्रसाद ने सुमित का एडमिशन कॉलेज में कराया था. पिता ने पुलिस को जानकारी दी थी कि वह 23 जुलाई की सुबह घर से बाल कटवाने के लिए निकला लेकिन फिर नहीं लौटा. काफी तलाशी के बाद परिवार ने 25 जुलाई को सोरांव थाने में तहरीर दी.उधर, हत्या के बाद 29 जुलाई को सुमित के मोबाइल फोन से ही पिता शिव प्रसाद फोन करके सुमित का अपहरण करने और फिरौती के रूप में 50 लाख रुपये मांगे थे. दरअसल, हत्या के बाद शिवम ने सुमित का मोबाइल तोड़कर झाड़ियों में फेंक दिया. घर पहुंचकर शिवम ने अपनी चाची के मोबाइल में वाई-फाई कनेक्ट कर नई इंस्टाग्राम आईडी बनाई. अगले चरण में सुमित के भाई को मैसेज भेजकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी.
फूफा के बेटे को पकड़ा तो खुला
उधर, शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने सुमित का मोबाइल फोन नंबर ट्रेस किया. जांच में सामने आया कि शिवम ने सुमित के मोबाइल और सिम का इस्तेमाल कर परिवार को इंस्टाग्राम मैसेज भेजे थे. शिवम ने चालाकी दिखाते हुए सुमित के जिंदा होने का भ्रम पैदा किया और परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी. जांच में जुटी पुलिस ने जगदीशपुर कसारी के सुमित के फूफा राजीव के बेटे शिवम राय (22) को पकड़ लिया. इसके बाद जांच की कड़ी में शिवम की निशानदेही पर ही गुरुवार (30 जुलाई, 2026) को ही सुमित का जला शव गंगा कछार की झाड़ियों में बरामद किया गया.
प्रेमिका से भी पूछताछ कर सकती है पुलिस
पुलिस पूछताछ में शिवम ने खुलासा किया कि सुमित और वह दोनों एक ही लड़की से प्यार करते थे. समझाने के बावजूद सुमित लड़की को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुआ. शिवम ने बताया कि सुमित के मोबाइल फोन और सिम का इस्तेमाल करके इंस्टाग्राम से उसके परिवार से संपर्क साधा और फिरौती मांगी. उसकी यूपीआई आईडी भेजकर 50 लाख रुपयों की मांग की गई. परिवार ने 2 किस्तों में 5 हजार और 2 हजार रुपये (कुल 7 हजार) दे भी दिए. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक हथौड़ा और 2 सिम कार्ड बरामद किए हैं. जांच अभी जारी है. बताया जा रहा है कि जरूरत पड़ने पर पुलिस उस लड़की से भी पूछताछ कर सकती है, जिससे दोनों प्यार करते थे.