प्रतीक यादव का निधन: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है. प्रतीक यादव, अखिलेश यादव के भाई और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति भी थे. प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हुआ. उनके निधन पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर दुख जताया है.
सीएम योगी ने अपने पोस्ट में लिखा- “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव जी के पति प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि.”
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ- सीएम योगी
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा- “मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति!”
समाजवादी पार्टी ने भी जताया दुख
इसके अलावा समाजवादी पार्टी की ओर से भी दुख जताया गया है. पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ हैंडल पोस्ट कर लिखा गया- “प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें. विनम्र श्रद्धांजलि!”
बता दें कि पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक प्रतीक को तबीयत खराब होने पर सुबह सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.
राजनीति से दूर रहते थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. सेहत के प्रति बेहद जागरुक रहने वाले यादव राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहते थे. हालांकि, उनकी पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव बीजेपी में शामिल हुईं और वर्तमान में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं. फिलहाल उनके निधन से मुलायम सिंह यादव परिवार में दुख की लहर दौर गई है.