Prateek Yadav Education: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार को लखनऊ में निधन हो गया. सूत्रों के अनुसार, 38 वर्षीय प्रतीक अचानक बीमार पड़ गए थे, जिसके बाद उन्हें तड़के सुबह सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.उनकी मौत की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है, और मौत की सही वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम किया जा रहा है. प्रतीक लंबे समय से फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे थे. उनके फेफड़ों में खून का थक्का जमने का इलाज चल रहा था. वह मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे.
30 अप्रैल को अस्पताल में हुए थे भर्ती
सूत्रों के अनुसार, प्रतीक यादव को 30 अप्रैल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जब तीन दिन बाद उन्हें कुछ राहत महसूस हुई, तो वे बिना डिस्चार्ज हुए ही घर चले गए. जब बुधवार सुबह उनकी हालत बिगड़ गई और वे कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे, तो उनका परिवार उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले गया. हालांकि एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद, फिटनेस के शौकीन प्रतीक सक्रिय राजनीति से दूर ही रहे.
प्रतीक यादव की पढ़ाई-लिखाई
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहना पसंद करते थे. वह पढ़ाई, फिटनेस और पशु कल्याण के लिए जाने जाते थे. राजनीति से दूर उन्होंने अपनी पढ़ाई और बिजनेस पर अधिक फोकस किया. उनके पास
लीड्स यूनिवर्सिटी (यूके) से एमबीए की डिग्री भी है. जो उन्हें उनके परिवार से एक अलग पहचान देती थी.
फिटनेस और रियल एस्टेट
प्रतीक का बिजनेस फिटनेस और रियल एस्टेट से जुड़ा था. वह लखनऊ में आयरन कोर फिट नाम का हाई-एंड जिम चलाते थे. दरअसल, बचपन में मोटावे की समस्या से जुझने के बाद वह फिटनेस की तरफ खिंचते चले गए. साथ ही दूसरों के भी स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करते थे.
पशु कल्याण के लिए किया काम
बता दें कि, प्रतीक पशु कल्याण के भी बड़े समर्थक थे. वह जीवाश्रय फाउंडेशन चलाते थे, जो जानवरों की मदद और पशु अधिकारों के लिए काम करता है. एक सोशल एक्टिविस्ट के रूप में उन्होंने खुद को स्थापित किया.
पत्नी अपर्णा से विवाद
प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी नेता और यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष के तौर पर काम करती हैं. प्रतीक के मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है. हाल ही में अपर्णा के साथ उनके रिश्तों में तनाव की खबरों ने खूब सुर्खियां बंटोरी थी. दोनों का रिश्ता खत्म होने की कगार तक पहुंच गया था.