Home > उत्तर प्रदेश > पति से ले लिया ‘प्रेमी की जुदाई’ का बदला: पहले पिलाई नशीली कोल्ड ड्रिंक, फिर साड़ी से कसने लगी गला; बच्चों की चीखें सुनी तो….!

पति से ले लिया ‘प्रेमी की जुदाई’ का बदला: पहले पिलाई नशीली कोल्ड ड्रिंक, फिर साड़ी से कसने लगी गला; बच्चों की चीखें सुनी तो….!

महिला ने अपने प्रेमी से जुदाई की खुन्नस में पति को ही मौत के घाट उतार दिया और घर से फरार हो गई. आधी रात पूरा गांव महिला को तलाशता रहा जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.

By: Kajal Jain | Published: August 2, 2026 5:26:02 PM IST



उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने प्रेमी से अलगाव के गुस्से और चाहत में हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. आरोपी पत्नी ममता ने अपने ही पति उमशंकर को रास्ते से हटाने के लिए पहले पूरे परिवार को नींद की गोलियां मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिला दी जिससे घर वाले बेहोश हो गए. फिर गहरी नींद में सो रहे पति की साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी. इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा तब हुआ जब आधी रात को बेटी की आंख खुली और उसने अपने भाई के साथ मिलकर पिता का शव बिस्तर पर देखा. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को महज कुछ ही घंटों में खेत से गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और हर कोई इस खौफनाक वारदात को सुनकर सन्न रह गया है.

क्या है पूरा मामला?

मृतक की पहचान 42 वर्षीय उमाशंकर के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, उमाशंकर और ममता की शादी को 20 साल हो चुके थे और उनके दो बच्चे हैं- एक 18 साल का बेटा विकास और एक 12 साल की बेटी. यह खौफनाक वारदात शुक्रवार रात की है. बेटी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम उसकी मां ममता घर पर एक कोल्ड ड्रिंक लेकर आई थी, जिसमें नींद की गोलियां मिला दी गई थीं. यह कोल्ड ड्रिंक उमाशंकर और बच्चों समेत परिवार के सभी सदस्यों को पिलाई गई, जिससे वे गहरी नींद में चले गए. इसके बाद ममता अपने पति को लेकर छत पर चली गई, जबकि बच्चे नीचे सोने चले गए.

बच्चों ने मां को कांड करते पकड़ा

शुक्रवार रात को जब घर में कुछ सुगबुगाहट हुई, तो बेटी की आंख खुल गई. मां बिस्तर पर नहीं थी इसलिए बगल में सो रहे भाई विकास को गहरी नींद से जगाया. जब दोनों भाई-बहन ने ऊपर जाकर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने देखा कि उनके पिता उमाशंकर बेड पर मृत पड़े हैं और उनके गले में एक साड़ी बंधी हुई थी जिसे उनकी मां लगातार कस रही थी. जैसे ही बच्चों ने सामने का नजारा देखा तो वो सन्न रह गए. लेकिन मां मौके से भाग खड़ी हुई. इधर बच्चों ने घर वालों को उठाया. आनन-फानन में उमाशंकर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

अवैध संबंध के चक्कर में पति-पत्नी में विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में जो वजह सामने आई, उसने सबको हैरान कर दिया. फरवरी 2024 में उमाशंकर काम के सिलसिले में गुजरात गए थे. इसी दौरान, ममता की नजदीकियां एक 38 साल के पड़ोसी नकुल भावेश से बढ़ गईं. दोनों के बीच प्रेम संबंध इतने बढ़ गए कि ममता उससे कोर्ट मैरिज करना चाहती थी. परिवार वालों के अनुसार, इस अवैध रिश्ते की वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होने लगे थे. तंग आकर करीब छह महीने पहले उमाशंकर अपनी पत्नी ममता को समझा-बुझाकर वापस पीलीभीत ले आए थे, लेकिन ममता के सिर पर प्रेमी का भूत सवार था.

खेत में छिपकर भागने की फिराक में थी पत्नी, पुलिस ने दबोचा

पति की हत्या करने के बाद आरोपी ममता मौके से फरार हो गई थी. पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया. करीब 50 से ज्यादा ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घर से महज 300 मीटर दूर एक खेत में छिपी बैठी ममता को धर दबोचा. वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में थी. फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें:- साली पर बिगड़ी नीयत, दरिंदगी में नाकाम हुआ तो कर डाला बड़ा कांड; एक फोन कॉल और शिकंजे में फंसा कातिल जीजा!

Advertisement