Home > उत्तर प्रदेश > 4 दिन की प्लानिंग और फिर… एकतरफा आशिक ने खत्म कर दी हंसती-खेलती जिंदगी, पूछताछ में किए ये खुलासा

4 दिन की प्लानिंग और फिर… एकतरफा आशिक ने खत्म कर दी हंसती-खेलती जिंदगी, पूछताछ में किए ये खुलासा

पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल छात्रा कशिश से एकतरफा प्यार करने वाले युवक सागर सिंह ने उसकी हत्या कर दी. उसका कहना है कि उसने लड़की को प्रपोज किया था लेकिन उसने इनकार कर दिया, जिससे वो नाराज हो गया और उसकी हत्या कर दी.

By: Deepika Pandey | Published: July 16, 2026 4:05:29 PM IST



Pilibhit Murder Case: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल छात्रा कशिश की हत्या कर दी गई. इस हत्या ने पूरे देश को सकते में डाल दिया. इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. उसने पूछताछ में जो बातें बताईं, उन्हें सुनकर आप भी हैरान हो जाएंगे. पुलिस की मानें, तो आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वो कशिश को पसंद करता था. हालांकि कशिश ने उसे इनकार कर दिया था. उसके इनकार करने के कारण आरोपी सागर ने कशिश की हत्या करने का प्लान बनाया. 

सागर ने बताई हत्या की वजह

पुलिस का कहना है कि आरोपी सागर सिंह ने बताया कि कशिश ने इनकार कर दिया था. इसके कारण वो कशिश को काफी समय से समझा रहा था लेकिन वो उतनी ही दूरी बना रहा था. ये बात सागर से बर्दाश्त नहीं हुई कि कशिश किसी और को पसंद करे. इस बात से नाराज होकर उसने चार दिन पहले बाजार से करीब 12 इंच का चाकू खरीदा. इसके बाद वो कशिश की हत्या करने के लिए  मौका ढूंढने लगा. 

कब और कैसे वारदात को दिया अंजाम?

मंगलवार को सुबह लगभग 9:30 बजे मेडिकल कॉलेज के सीटी स्कैन रूम में कशिश अकेली थी. इसी दौरान सागर वहां पहुंच गया और उसने बात करने की कोशिश की. इसी बीच दोनों में बहस होने लगी और सागर ने चाकू निकालकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने उस पर कई वार किए. कशिश जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागने लगी, तो उसने फिर से हमला करना शुरू कर दिया. 

महिला कर्मचारी भी हुई घायल

इसी बीच वहां एक महिला कर्मचारी पहुंच गई, जिसने बीच-बचाव करने की कोशिश की. इससे नाराज होकर सागर ने उस पर भी हमला कर दिया, जिसमें महिला कर्मचारी घायल हो गई. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां से उन्हें गंभीर हालत में बरेली रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान कशिश की मौत हो गई. वहीं महिला कर्मचारी का इलाज किया जा रहा है. 

परिजनों ने कॉलेज प्रशासन पर लगाया आरोप

वहीं इस मामले में कशिश के चाचा विकास पटेल ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाया कि सागर लंबे समय से उनकी भतीजी को परेशान कर रहा था. इसको लेकर लगभग 15 दिन पहले मेडिकल कॉलेज प्रशासन से इसकी शिकायत की गई थी. इसके बावजूद प्रशासन वे कोई कार्रवाई नहीं की. परिवार का कहना है कि अगर समय रहते कोई सख्त कदम उठाया जाता, तो कशिश की जान बच सकती थी.

Advertisement