Home > उत्तर प्रदेश > चार साल तक शादी का भरोसा देकर बनाया संबंध, फिर दूसरी जगह निकाह; शादी से मुकरा युवक तो युवती पहुंची अस्पताल

चार साल तक शादी का भरोसा देकर बनाया संबंध, फिर दूसरी जगह निकाह; शादी से मुकरा युवक तो युवती पहुंची अस्पताल

Meerut Love Affair Case: मेरठ में शादी का झांसा देकर चार साल तक यौन शोषण करने का आरोप. दूसरी जगह निकाह की जानकारी मिलने पर युवती ने जहरीला पदार्थ खाया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

By: Shivashakti Narayan Singh | Published: July 24, 2026 6:14:05 PM IST



Meerut Love Affair Case: मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में शादी का वादा कर युवती का चार साल तक यौन शोषण करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि जब युवती को पता चला कि आरोपी किसी दूसरी युवती से निकाह करने जा रहा है, तो उसने जहरीला पदार्थ खा लिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.
 
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनीस मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है और फिलहाल मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में अपने मामा के घर रह रहा था. पीड़िता के पिता की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करीब चार साल पहले आरोपी ने उनकी बेटी से प्रेम संबंध बनाए और शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए.परिजनों का कहना है कि जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी उससे दूरी बनाने लगा और बाद में फरार हो गया.

 दूसरी जगह निकाह की खबर से टूट गई युवती

परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले युवती को पता चला कि आरोपी का निकाह किसी दूसरी युवती से तय हो गया है. इस बात का विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि इसके बाद आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ युवती के घर पहुंचा, जहां धमकी देने और अभद्र व्यवहार करने की बात भी सामने आई है.

 जहरीला पदार्थ खाने के बाद अस्पताल में भर्ती

घटना के बाद मानसिक रूप से परेशान युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत मेरठ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार अब उसकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है.
अस्पताल में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में युवती के बयान भी दर्ज किए गए हैं.

 पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पीड़िता के पिता की तहरीर पर खरखौदा थाना पुलिस ने आरोपी अनीस के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

संगठन ने लगाए लव जिहाद के आरोप

इस मामले में अखिल भारतीय हिन्दू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि मामले की जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement