24
Khan Sir Global Studies: लखनऊ में हुए भीषण कोचिंग अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश के कई शहरों में प्रशासन ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए Khan Global Studies और Physics Wallah सहित कई बड़े कोचिंग सेंटरों पर ताले जड़ दिए हैं.
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने लोक सेवा आयोग के पास स्थित खान सर की Global Studies कोचिंग की बिल्डिंग को अवैध बताते हुए सील कर दिया है. प्रशासन का कहना है कि भवन से संबंधित नियमों में अनियमितताएं पाई गई हैं. फिलहाल संस्थान पर ताला लगा दिया गया है और आगे की जांच जारी है.
कानपुर में Physics Wallah सेंटर सील
कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने भी शहर में कई कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलख पांडेय के Physics Wallah के एक सेंटर को सील कर दिया है. अधिकारियों के अनुसार भवन और सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान खामियां सामने आई थीं.
वाराणसी में तीन बड़े कोचिंग संस्थानों पर गिरी गाज
वाराणसी में भी प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की जांच के बाद आकाश इंस्टीट्यूट (दुर्गाकुंड),L1 कोचिंग (कबीर नगर),एलन कोचिंग (संकट मोचन) जैसी तीन प्रमुख कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया. अधिकारियों के मुताबिक इन संस्थानों में फायर सेफ्टी और अन्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी गंभीर कमियां पाई गईं.
फिरोजाबाद में भी प्रशासन अलर्ट
लखनऊ हादसे के बाद फिरोजाबाद जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है. सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले कई होटल और कोचिंग सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है. इससे संस्थान संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है.लखनऊ की दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन अब कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी, आपातकालीन निकास, भवन स्वीकृति, क्षमता और अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच कर रहा है. अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.