Home > उत्तर प्रदेश > Train Bomb Threat: राप्तीसागर एक्सप्रेस में बम की खबर! ऐशबाग में रोकी गई ट्रेन, यात्रियों में मचा हड़कंप

Train Bomb Threat: राप्तीसागर एक्सप्रेस में बम की खबर! ऐशबाग में रोकी गई ट्रेन, यात्रियों में मचा हड़कंप

Lucknow Aishbagh JC. Rapti Sagar Express Train Bomb threat: आज लखनऊ से एक हैरान कर देने वाली खबर आई है. खबर है कि लखनऊ के ऐशबाग जंक्शन पर आज सुबह तिरुवनंतपुरम से गोरखपुर जा रही राप्तीसागर एक्सप्रेस में बम होने की सूचना दी गई है.

By: Sanskriti Jaipuria | Published: June 16, 2026 1:06:01 PM IST



Rapti Sagar Express Train Bomb threat: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग जंक्शन पर मंगलवार यानी आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तिरुवनंतपुरम से गोरखपुर जा रही राप्तीसागर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12512) में बम होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और डॉग स्क्वायड की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं.  ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही सुरक्षा कर्मियों ने पूरे परिसर को घेरकर तलाशी शुरू की.

करीब एक घंटे तक चली जांच के बाद ट्रेन में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली. इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और ट्रेन को गोरखपुर के लिए रवाना कर दिया गया.

 यात्री के फोन से मिली थी बम की सूचना

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे आरपीएफ कंट्रोल रूम को एक यात्री का फोन आया था. फोन करने वाले ने दावा किया कि राप्तीसागर एक्सप्रेस में बम रखा गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी.

चूंकि ट्रेन कुछ ही समय में ऐशबाग जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचने वाली थी, इसलिए सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट कर दिया गया.

 प्लेटफॉर्म सील कर शुरू हुई जांच

सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीमें स्टेशन पहुंच गईं. इसके अलावा डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया. एहतियात के तौर पर प्लेटफॉर्म नंबर एक को कुछ समय के लिए सील कर दिया गया और यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखी जाने लगी.

सुबह करीब 10 बजे जैसे ही राप्तीसागर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंची, सुरक्षा कर्मियों ने ट्रेन की सभी बोगियों की जांच शुरू कर दी. यात्रियों के बैग, लगेज वैन और अन्य कोचों की भी बारीकी से तलाशी ली गई.

 जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक 

सुरक्षा टीमों ने ट्रेन के साथ-साथ प्लेटफॉर्म और आसपास के इलाके की भी जांच की. बेंच, यात्रियों के सामान और स्टेशन परिसर के कई हिस्सों को खंगाला गया. हालांकि, लंबे समय तक चली जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई.

जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि बम होने की सूचना गलत थी. इसके बाद करीब सुबह 11 बजे राप्तीसागर एक्सप्रेस को आगे की यात्रा के लिए गोरखपुर रवाना कर दिया गया.

 बम की धमकी वाली सूचना निकली अफवाह

सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरी प्रक्रिया अपनाई गई. हालांकि, जांच के दौरान किसी तरह का खतरा सामने नहीं आया. फिलहाल ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फर्जी सूचना किसने और क्यों दी.

 मुंबई एयरपोर्ट को भी मिली थी धमकी

इससे पहले मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को भी बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था. सूचना मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया था.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और बाद में धमकी को फर्जी पाया गया. इस मामले में केस दर्ज कर ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ा दी गई थी.

Advertisement