Kanpur Sikh Protest: उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब सिख संगठनों ने सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह जी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर फजलगंज थाने का घेराव कर दिया.
बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए साफ कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया और प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, बर्रा-3 निवासी रमिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रविवार शाम गुजैनी निवासी अजय सिंह ने शास्त्री नगर के रहने वाले रेस्टोरेंट संचालक हरप्रीत सिंह को फोन किया. बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर गुरु गोविंद सिंह जी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की. इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद सिख समाज में नाराजगी फैल गई. इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए फजलगंज थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई.
देर रात भी हुआ था विरोध
ऑडियो वायरल होने के बाद सोमवार देर रात भी सिख समुदाय के लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था. उस समय पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया था. मंगलवार सुबह एक बार फिर विभिन्न सिख संगठनों के सैकड़ों सदस्य फजलगंज थाने पहुंच गए. प्रदर्शनकारियों ने थाने के मुख्य द्वार पर नारेबाजी की और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए. उनका कहना था कि गुरु का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
पुलिस ने क्या कहा?
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SP स्वरूप नगर और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें कानून के अनुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया.