Kanpur Blackmail News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक लड़की के माता-पिता नहीं थे और उसकी मौसी ने उसका भरण-पोषण किया था. लड़की अपनी मौसी को मां की तरह मानती थी. हालांकि मौसी ने लड़की की जिंदगी बर्बाद कर दी. मौसी ने अपनी ही भांजी का रेप कराया और उस दौरान उसने लड़की का वीडियो भी बना लिया. इसके बाद वो अपनी भांजी को ब्लैकमेल करती रही. उसने धीरे-धीरे अपनी भांजी से डेढ़ लाख रुपये वसूले. परेशान होकर लड़की ने अपने पति को पूरी बात बताई. पति ने उसे पुलिस केस दर्ज कराने की राय दी.
झाड़-फूंक के बहाने तांत्रिक को बुलाया
जानकारी के अनुसार, कानपुर के चकेरी की रहने वाली एक लड़की के माता-पिता की मृत्यु हो गई थी. मरते समय वे अपनी बच्ची की जिम्मेदारी उसकी मौसी को देकर गए थे. लड़की अपनी मौसी को मां की तरह मानती थी. हालांकि मौसी के मन में कुछ और ही चल रहा था. मौसी ने अपनी भांजी का निकाह करा दिया. इसके बाद उसे भड़काती रही. उसने लड़की को कई बार कहा कि उसके ऊपर जादू-टोना हो गया है और उसकी झाड़-फूंक करानी पड़ेगी. इसके लिए उसने लाला नाम का तांत्रिक बुलाया और उसका झाड़-फूंक कराया.
मौसी ने तांत्रिक से कराया रेप
इसी दौरान तांत्रिक ने भांजी का रेप किया. मौसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया. मौसी इसी वीडियो के जरिए अपनी भांजी को ब्लैकमेल करने लगी. वो अपनी भांजी से कहती कि अगर वो अपने पति से पैसे लाकर उसे नहीं देगी, तो वो ये वीडियो उसके पति को भेज देगी. भांजी ने घबराकर धीरे-धीरे मौसी को डेढ़ लाख रुपये दे दिए. इसके बावजूद मौसी का मन नहीं भरा, तो उसने उसको देह व्यापार कराने की बात कही. इस डर के कारण उसने अपने पति को पूरी आपबीती बताई.
मौसी और मामा के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
पति ने पूरी बात सुनकर उसे सलाह दी कि वो कानपुर पुलिस कमिश्नरेट जाकर शिकायत दर्ज कराए. मंगलवार को लड़की कानपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंची और उसने अपनी मौसी उजमा परवीन और मामा शकील के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. उसने शिकायत में कहा कि मौसी और मामा मिलकर उसको ब्लैकमेल कर रहे हैं और उससे धंधा कराना चाहते हैं. पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: ममता शर्मसार! मां बनी हैवान, मायके जाने से किया इनकार, तो बेटी को पिलाया तेजाब