UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पनकी कांशीराम कॉलोनी में रविवार देर रात सचिन दुबे नाम के युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. इसके बाद घर में कोहराम मच गया. पत्नी ने बताया कि उसके पति का अपनी महिला मित्र से वीडियो कॉल पर कहासुनी हो गई थी. इसके बाद उन्होंने खुदकुशी कर ली. फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जानकारी के मुताबिक सचिन दुबे पनकी स्थित एक होजरी कारखाने में कारीगर था. उसकी तीन साल पहले आवास-विकास निवासी खुशबू से सामूहिक विवाह समारोह में शादी हुई थी. दंपती की डेढ़ वर्ष की एक बेटी मिष्ठी है.
विधवा महिला से था प्रेम संबंध
पत्नी खुशबू का आरोप है कि बीते एक साल से सचिन का उसी कारखाने में काम करने वाली एक विधवा महिला से प्रेम संबंध था. इसे लेकर दोनों में विवाद होता था. पत्नी के अनुसार रविवार रात सचिन शराब के नशे में घर लौटा.
इस पर दोनों में विवाद हुआ. कुछ देर बाद दोनों छत पर सोने चले गए. देर रात सचिन नीचे कमरे में पहुंचा और महिला मित्र से वीडियो कॉल पर बात करते हुए फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि युवक का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि इससे पहले लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव में शुक्रवार को एक 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी. लोगों से पूछताछ में पता चला कि मृतका और आरोपी के बीच करीब एक साल से प्रेम-प्रसंग था.