झांसी में सोशल मीडिया के जरिए एक युवक और युवती की मुलाकात डेढ़ साल पहले हुई थी. इसी के बाद दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया और परिवार की रजामंदी से शादी कर ली. लेकिन इसके बाद शुरू हुआ असली खेल. दोनों के बीच आए-दिन विवाद होता रहता था. एक दिन रात में कुछ ऐसा हुआ कि पति कुंडी बंद करके चला गया और जब सुबह दरवाजा खुला तो युवती की लाश कमरे में पड़ी मिली.
कहां का है मामला?
यह पूरा मामला झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास इलाके का है. आपको बता दें कि मृतका की पहचान दतिया निवासी 27 वर्षीय सुधा उर्फ शिवानी वंशकार के रूप में हुई है. परिवार के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 से 10:30 बजे शिवानी और उसके पति यश के बीच विवाद हुआ. शोर सुनकर मामा संतोष ने दोनों को समझाया, जिसके बाद मामला शांत हो गया और सभी अपने-अपने कमरों में चले गए.
पड़ोसियों ने क्या बताया?
परिजनों के मुताबिक, रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने अपना बैग मांगा। शिवानी की बहन मुस्कान ने उसे बैग दे दिया. आरोप है कि इसके बाद यश ने कमरे की कुंडी बाहर से बंद की और वहां से फरार हो गया। कमरे में उस वक्त शिवानी अकेली थी. पुलिस अब यश की तलाश कर रही है.
भाई ने खोला दरवाजा, तो
सुबह करीब 5 बजे मुस्कान ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह बाहर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. करीब 9 बजे अनिकेत ने कुंडी खोली तो शिवानी बिस्तर पर मृत मिली. परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
शिवानी की बहन ने लगाया मारपीट का आरोप
शिवानी की बहन ने उसके पति यश पर मारपीट और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं. परिवार के मुताबिक, शादी के बाद से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि शिवानी के गले पर चोट का निशान मिला है, जबकि शरीर पर कोई अन्य स्पष्ट चोट नहीं मिली. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
यह खबर भी पढ़ें: हाथ में भाला और चेहरे पर तेज, रश्मिका मंदाना का योद्धा लुक आया सामने; मेकर्स ने ‘मैसा’ के रिलीज डेट का किया एलान