Home > उत्तर प्रदेश > 18 साल के युवक का 30 साल की विवाहिता से चल रहा था प्रेम प्रसंग, परिवार ने विरोध किया तो दोनों ने उठाया खौफनाक कदम

18 साल के युवक का 30 साल की विवाहिता से चल रहा था प्रेम प्रसंग, परिवार ने विरोध किया तो दोनों ने उठाया खौफनाक कदम

Hardoi suicide case: हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक और 30 वर्षीय विवाहित महिला के शव गांव से दूर अलग-अलग पेड़ों से लटके मिले. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और परिजनों के विरोध के बाद वे घर छोड़कर चले गए थे. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है.

By: Ranjana Sharma | Published: July 31, 2026 6:55:22 PM IST



Hardoi suicide case: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां 18 वर्षीय युवक और 30 वर्षीय विवाहित महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी. दोनों के शव गांव से दूर अलग-अलग पेड़ों से लटके मिले. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, जिसका परिजनों ने विरोध किया था. शिकायत के बाद दोनों घर से निकल गए और अगली सुबह उनके शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.

लंबे समय से बताए जा रहे थे प्रेम संबंध

यह मामला हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र के हैदराबाद मजरा उमरौली जैतपुर गांव का है. ग्रामीणों के मुताबिक 18 वर्षीय ज्ञानेश्वर और 30 वर्षीय विवाहित महिला सरोजनी के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे. बताया जा रहा है कि शुक्रवार को महिला के परिजनों ने युवक के घर पहुंचकर इस रिश्ते का विरोध किया और शिकायत भी की. इसके बाद दोनों अपने-अपने घर से निकल गए.

अलग-अलग पेड़ों से लटके मिले दोनों के शव

जानकारी के अनुसार, घर से निकलने के बाद ज्ञानेश्वर ने कुसुमखोर पुल के पास एक जामुन के पेड़ से चारपाई के बान के सहारे फांसी लगा ली. वहीं, सरोजनी का शव करीब 500 मीटर दूर गूलर के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला. दोनों की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक और हड़कंप का माहौल बन गया.

सुबह ग्रामीणों ने देखा तो मच गया हड़कंप

शनिवार सुबह जब ग्रामीण उस रास्ते से गुजरे तो उन्होंने पेड़ों से शव लटके देखे. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही अरवल थाना पुलिस और हरपालपुर क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रवीण यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस के साथ फील्ड यूनिट भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए. दोनों शवों का पंचायतनामा भरने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों और अन्य पहलुओं पर अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Advertisement