82
Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक सर्राफा दुकान पर दिनदहाड़े हुई चोरी ने दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है. खरीदारी के बहाने दुकान में पहुंची एक महिला ने बड़ी चालाकी से करीब आधा किलो चांदी की पायलें गायब कर दीं. पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घटना मौदहा कस्बे के तहसील रोड स्थित एक सर्राफा दुकान की है. जानकारी के मुताबिक, एक महिला अपने साथ एक युवती को लेकर दुकान पहुंची. दोनों ने ग्राहक बनकर दुकानदार से अलग-अलग डिजाइन की चांदी की पायलें दिखाने को कहा. दुकान में मौजूद कर्मचारी लगातार उन्हें सामान दिखाता रहा.
बातों में उलझाकर उड़ाई चांदी
दुकानदार के अनुसार, दोनों महिलाएं करीब 40 से 45 मिनट तक दुकान में बैठकर पायलें देखती रहीं. इसी दौरान मुख्य आरोपी महिला ने कर्मचारी का ध्यान दूसरी ओर भटकाया और मौका मिलते ही करीब 500 ग्राम चांदी की पायलों का पैकेट अपने कपड़ों में छिपा लिया. सामान देखने के बाद दोनों बिना खरीदारी किए वहां से चली गईं.
स्टॉक मिलान में खुला चोरी का राज
महिलाओं के जाने के बाद जब दुकान का स्टॉक मिलाया गया तो पायलों का एक पैकेट गायब मिला. पहले तो दुकानदार को शक हुआ, लेकिन जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई तो पूरी घटना सामने आ गई. फुटेज में महिला की हरकत साफ दिखाई दे रही है.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू
दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज के साथ पुलिस को लिखित शिकायत दी. पुलिस ने आरोपी महिला और उसके साथ आई युवती के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है.
दुकानदारों को सतर्क रहने की सलाह
इस घटना के बाद स्थानीय बाजार के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है. पुलिस ने दुकानदारों को सलाह दी है कि कीमती सामान दिखाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें.