Home > उत्तर प्रदेश > Greater Noida PNB Scam: ग्रेटर नोएडा पीएनबी घोटाला मामले में CBI का एक्शन, महिला कर्मचारी और उसके सहयोगी को पकड़ा

Greater Noida PNB Scam: ग्रेटर नोएडा पीएनबी घोटाला मामले में CBI का एक्शन, महिला कर्मचारी और उसके सहयोगी को पकड़ा

Greater Noida PNB Case: सीबीआई के मुताबिक पंजाब नेशनल बैंक की ग्रेटर नोएडा स्थित पाई शाखा में ग्राहकों के विभिन्न खातों से अनधिकृत रूप से 10.24 करोड़ रुपये की रकम निकाली गई थी. आरोप है कि बैंक में कार्यालय सहायक के पद पर तैनात दीपांशी ने एक निजी व्यक्ति और अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलीभगत और साजिश कर इस रकम को खातों से निकालकर दूसरी जगह स्थानांतरित किया.

By: Hasnain Alam | Published: November 3, 2026 9:32:57 PM IST



Greater Noida PNB Fraud: ग्रेटर नोएडा के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की सेक्टर-पाई शाखा में खाताधारकों के खातों से करोड़ों रुपये की हेराफेरी के मामले में सीबीआई ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की. जांच एजेंसी ने बैंक की शाखा में तैनात महिला कार्यालय सहायक (ऑफिस असिस्टेंट) दीपांशी और उसके एक निजी सहयोगी आशुतोष कुमार पाठक को गिरफ्तार किया है.

सीबीआई की ओर से तीन नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है. मामले में निजी व्यक्ति आशुतोष कुमार पाठक को महाराष्ट्र के पुणे से पकड़ा गया है. सीबीआई ने उसे पुणे की विशेष अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड भी प्राप्त कर लिया है. दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हेराफेरी से जुड़े अन्य लोगों और लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है.

बैंक खातों से बिना अधिकृत अनुमति के ट्रांजेक्शन किए गए

सीबीआई के मुताबिक पंजाब नेशनल बैंक की ग्रेटर नोएडा स्थित पाई शाखा में ग्राहकों के विभिन्न खातों से अनधिकृत रूप से 10.24 करोड़ रुपये की रकम निकाली गई थी. आरोप है कि बैंक में कार्यालय सहायक के पद पर तैनात दीपांशी ने एक निजी व्यक्ति और अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलीभगत और साजिश कर इस रकम को खातों से निकालकर दूसरी जगह स्थानांतरित किया. बैंक खातों से बिना अधिकृत अनुमति के डेबिट ट्रांजेक्शन किए गए.

इसी शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 29 अक्तूबर 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. अब जांच के दौरान दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है.

तीन साल तक खातों से होती रही हेराफेरी

बैंक में हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद से ही खाताधारक लगातार अपनी रकम वापस मिलने की मांग कर रहे हैं. शिकायतों के मुताबिक, ग्राहकों के बचत खातों और सावधि जमा (एफडी) से बिना जानकारी के रकम निकाली गई थी. कई खाताधारकों ने आरोप लगाया था कि उनके मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी में भी बदलाव किया गया, जिससे खाते में होने वाले लेनदेन की जानकारी उन तक नहीं पहुंच सकी.

शुरुआती शिकायतों में हेराफेरी का दायरा 35 करोड़ रुपये से अधिक होने का दावा किया गया था, जबकि सीबीआई की ओर से दर्ज मामले में 10.24 करोड़ रुपये की रकम का उल्लेख है. खाताधारकों का आरोप है कि यह गड़बड़ी करीब तीन साल तक चलती रही.

खाताधारकों को रकम लौटाने की प्रक्रिया जारी

मामला सामने आने के बाद से बैंक प्रबंधन की ओर से प्रभावित खाताधारकों की रकम वापस करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है

(ग्रेटर नोएडा से अकरम खान की रिपोर्ट)

Advertisement