Home > उत्तर प्रदेश > गोंडा-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, 5 साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने की सड़क जाम

गोंडा-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, 5 साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने की सड़क जाम

Gonda Accident News: यह घटना तिवारी पुरवा, बालपुर जाट के पास उस समय हुई जब शिवानी अपने पिता सुनील सिंह के साथ सड़क किनारे खड़ी थी.

By: Shubahm Srivastava | Published: April 30, 2026 10:37:11 PM IST



Gonda Child Death Accident: गोंडा-लखनऊ हाईवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्ची शिवानी सिंह की मौत हो गई, जिससे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया और जोरदार प्रदर्शन किया.

यह घटना तिवारी पुरवा, बालपुर जाट के पास उस समय हुई जब शिवानी अपने पिता सुनील सिंह के साथ सड़क किनारे खड़ी थी. इसी दौरान गोंडा से लखनऊ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मारुति वैन ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.

परिजनों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम

हादसे के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर दी. सूचना पर पहुंची देहात पुलिस ने जब लोगों को समझाने की कोशिश की, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई. इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को शांत कराया. पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी – देहात कोतवाली प्रभारी

देहात कोतवाली प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही माहौल खराब करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कदम उठाए जाएंगे.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement