43
Ghaziabad Weather Update: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद मानसून अब सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, हापुड़ और आसपास के जिलों में अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर भारी वर्षा होने की संभावना है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, ‘1 जुलाई से 6 जुलाई’ तक पश्चिमी यूपी में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. बादलों की आवाजाही लगातार बनी रहेगी, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.30 जून को गाजियाबाद का अधिकतम तापमान करीब ’40 डिग्री सेल्सियस’ रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान ’29 डिग्री सेल्सियस’ के आसपास रह सकता है. हालांकि, बीच-बीच में होने वाली बारिश से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा.
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 जुलाई को अधिकतम तापमान घटकर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसके बाद 2 जुलाई को यह करीब 37 डिग्री और 3 से 6 जुलाई के बीच 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है. बारिश के कारण उमस में भी कमी आने की संभावना है.
गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया है कि कई इलाकों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश हो सकती है. वहीं 3 से 6 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर तेज गर्जना, बिजली चमकने और कम समय में अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है.इसके अलावा, 30 जून को कई जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
लोगों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह
बारिश और आकाशीय बिजली को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें. वाहन चलाते समय भी अतिरिक्त सावधानी बरतें, क्योंकि कई स्थानों पर जलभराव और फिसलन की स्थिति बन सकती है.मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा, जिससे भीषण गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है.