Home > उत्तर प्रदेश > Faridabad Murder Case: फरीदाबाद में  निजी स्कूल के गेट पर शिक्षिका पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Faridabad Murder Case: फरीदाबाद में  निजी स्कूल के गेट पर शिक्षिका पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Faridabad Teacher Murder: हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार सुबह एक निजी स्कूल के बाहर हुई हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. सिकरोना गांव स्थित स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका संध्या पर एक युवक ने दिनदहाड़े चाकू से हमला कर दिया.

By: Shivashakti Narayan Singh | Published: August 3, 2026 7:17:15 PM IST



Faridabad Teacher Murder: हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार सुबह एक निजी स्कूल के बाहर हुई हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. सिकरोना गांव स्थित स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका संध्या पर एक युवक ने दिनदहाड़े चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पूरी घटना स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
 
जानकारी के अनुसार, संध्या रोज की तरह सुबह स्कूल पहुंची थीं और अपनी ड्यूटी शुरू करने की तैयारी कर रही थीं. इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक स्कूल पहुंचा और उनसे मिलने की बात कही. स्कूल स्टाफ ने इसकी सूचना संध्या को दी. जैसे ही वह स्कूल के मुख्य गेट पर पहुंचीं, युवक ने अचानक चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए.

 गर्दन और शरीर पर कई वार, बचाने पहुंचे लोगों को भी धमकाया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने शिक्षिका की गर्दन और शरीर पर लगातार कई वार किए. हमला होते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर स्कूल के कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी हाथ में चाकू लहराते हुए उन्हें भी डराता रहा और फिर मौके से फरार हो गया.

 अस्पताल में तोड़ा दम, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षिका को अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और फोरेंसिक टीम ने भी जांच की है. स्कूल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

हत्या की वजह तलाशने में जुटी जांच टीम

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला सुनियोजित हमला लग रहा है. हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है. मृतका के परिजनों, स्कूल स्टाफ और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कई टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया है.दिनदहाड़े स्कूल के बाहर हुई इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, शिक्षिका की मौत के बाद स्कूल और गांव में शोक का माहौल है.

Advertisement