Mughalsarai bulldozer action: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बने अवैध कब्जों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया. मछली मंडी से समाजवादी पार्टी कार्यालय तक चले इस अभियान से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्रशासन की सख्त कार्रवाई, सुबह से गरजे बुलडोजर
कार्रवाई एसडीएम अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में की गई. इस दौरान नगर पालिका के ईओ राजीव मोहन सक्सैना, सीओ अरुण कुमार सिंह और मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह भी मौके पर मौजूद रहे. सुबह से ही जेसीबी मशीनों ने अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया. अभियान के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर अलर्ट रखा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
मछली मंडी से सपा कार्यालय तक हटाया अतिक्रमण
प्रशासन ने सड़क किनारे पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बने अस्थायी ढांचे, टीनशेड और दुकानों को हटाया. यह कार्रवाई मछली मंडी से लेकर समाजवादी पार्टी कार्यालय तक की गई, जहां लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी. एसडीएम अनुपम मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है और विकास कार्यों में बाधा आती है, इसलिए इसे हटाना जरूरी है.
बुलडोजर चलते ही मची अफरा-तफरी
जैसे ही बुलडोजर ने कार्रवाई शुरू की, मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कई लोगों ने खुद ही अपने सामान समेटना शुरू कर दिया, ताकि नुकसान कम हो सके. कुछ जगहों पर हल्की बहस की स्थिति भी बनी, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही. अतिक्रमण हटने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया. उनका कहना है कि इससे सड़क पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और बाजार क्षेत्र अधिक व्यवस्थित हो सकेगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर के अन्य चिन्हित स्थानों पर भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.