Bulandshahr Devar Bhabhi Murder Husband: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसने पति-पत्नी और भाई जैसे रिश्तों को ही सवालों के घेर में खड़ा कर दिया. जिस पत्नी के साथ सुमित कुमार ने जिंदगी बिताने का भरोसा किया था, पुलिस के मुताबिक वही उसके कत्ल की साजिश में शामिल निकली. हैरान करने वाली बात यह है कि इस साजिश में मृतक का अपना छोटा भाई भी शामिल था.
दोनों देवर-भाभी ने मिलकर सुमित की हत्या की और फिर शव को फंदे से लटकाकर पूरी वारदात को खुदकुशी का रूप देने की साजिश की. 31 अगस्त की रात हुई इस वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मृतक की पत्नी काजल और उसके देवर उमेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
सोते समय बेरहमी से दबाया था देवर-भाभी ने सुमित का गला
पुलिस के मुताबिक, सुमित जब सो रहा था, तभी काजल और उमेश ने मिलकर उसकी हत्या की. पूछताछ में सामने आया कि उमेश ने सुमित का गला दबाया, जबकि काजल ने उसके पैर पकड़ रखे थे. हत्या के बाद दोनों ने शव को रस्सी से बांधा और छत के कुंडे से लटका दिया, ताकि ऐसा लगे कि सुमित ने खुदकुशी की है. इसके बाद घर में ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की गई, जिससे किसी को हत्या का शक न हो.
आखिर क्यों काजल और उमेश ने ली सुमित की जान?
पुलिस जांच में हत्या की कथित वजह भाभी और देवर के बीच संबंध बताए गए हैं. पुलिस के अनुसार, काजल और उमेश के बीच नजदीकियां थीं और सुमित को इसकी जानकारी हो गई थी. इसके बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची.
पुलिस का यह भी कहना है कि काजल की नजर सुमित की संपत्ति पर थी. परिवार में करीब 20 बीघा जमीन, गांव में मकान और 200 गज में स्प्रिंग बनाने का कारखाना था. आरोप है कि सुमित की मौत के बाद संपत्ति में हिस्सा मिलने की उम्मीद ने भी इस साजिश को हवा दी.
ससुर को था बहू पर शक
सुमित 1 सितंबर को घर में फंदे से लटका मिला था. शुरुआत में इसे खुदकुशी माना जा रहा था, लेकिन उसके पिता किशनपाल सिंह को मामले में शक था. उन्होंने 2 सितंबर को कोतवाली देहात थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है और शव को खुदकुशी दिखाने के लिए फंदे पर लटकाया गया है.
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सुमित की पत्नी काजल को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान काजल से मिली जानकारी के आधार पर उसके देवर उमेश का नाम सामने आया. इसके बाद पुलिस ने देवर भाभी को गिरफ्तार कर लिया.
48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद हत्या की पूरी साजिश सामने आई. फिलहाल दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस के आरोपों और पूछताछ में सामने आई कहानी की पुष्टि आगे की जांच और न्यायिक प्रक्रिया में होगी.