UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पुलिस ने बिट्टू हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. मंडावर थाना क्षेत्र के कोहरपुर गांव में बिट्टू की रविवार सुबह हत्या कर दी गई थी. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि उसने अपनी बहू और मृतक बिट्टू के कथित अवैध संबंधों से नाराज होकर वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने बताया कि 28 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे मंडावर थाने पर सूचना मिली थी कि कोहरपुर निवासी बिट्टू को उसके पड़ोसी सुरेंद्र सिंह ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है. परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी थी. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की.
बहू और बिट्टू में थे अवैध संबंध
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी बहू और मृतक बिट्टू के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध थे. इस बात को लेकर वह लंबे समय से नाराज था और कई बार दोनों को समझाने तथा विरोध करने की कोशिश कर चुका था.
आरोपी के मुताबिक रविवार सुबह भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई. विवाद बढ़ने पर गुस्से में उसने चाकू निकालकर बिट्टू पर हमला कर दिया. सीने में चाकू लगने से बिट्टू गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई.
कोल्ड ड्रिंक पीने जा रहा था बिट्टू
बताया जा रहा है कि घटना के समय बिट्टू अपने चचेरे भाई आसू के साथ गांव की दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीने जा रहा था. रास्ते में सुरेंद्र ने उसे रोक लिया था. दोनों के बीच पहले गाली-गलौज हुई और फिर सुरेंद्र ने चाकू से हमला कर दिया.
आसू ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार हमला करता रहा. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जबकि गंभीर रूप से घायल बिट्टू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.