UP News: उत्तर प्रदेश के बस्ती में प्रेमी से शादी की जिद में दो बार मोबाइल टावर पर चढ़ने वाली लड़की नाजिया का आखिरकार निकाह हो गया है. पूरा मामला जिले के नगर क्षेत्र के रुधौली का है. बेंगलुरु से बस्ती पहुंचे प्रेमी के साथ लड़की का निकाह दोनों परिवारों की मौजूदगी में हुआ. जानकारी के अनुसार नाजिया की बहन का निकाह संतकबीरनगर के बेलहर सेंगर में हुआ है. करीब तीन साल पहले बहन की ससुराल गई नाजिया की उसी गांव के मेहताब से दोस्ती हो गई. वक्त के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं.
इस बीच मेहताब रोजगार के सिलसिले में बेंगलुरु आता-जाता रहा. जानकारी के मुताबिक नाजिया के शादी के प्रस्ताव पर मेहताब किन्हीं वजहों से कन्नी काटने लगा. वहीं नाजिया ने मेहताब के साथ ही जीने-मरने की कसमें खा ली थीं और उसी से निकाह की जिद पर अड़ी रही.
टावर से कूदकर जान देने की दी थी धमकी
बीते 12 मई को वह वाल्टरगंज क्षेत्र में मोबाइल टावर पर चढ़ गई. मेहताब से शादी की जिद दोहराते हुए टावर से कूदकर जान देने की धमकी देती रही. करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर पुलिस टीम उसे उतार सकी थी. बात बनती न देख बीते रविवार को नाजिया एक बार फिर रुधौली क्षेत्र में स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई.
जानकारी पर पुलिस अधिकारी पहुंचे तो उसने रिश्ते की बात तय होने पर ही उतरने का एलान कर दिया. इसके बाद रुधौली के थानेदार संजय दुबे आनन-फानन संतकबीरनगर स्थित मेहताब के गांव पहुंचे और उसके पिता से वीडियो कॉल पर नाजिया की बात कराई थी.
निकाह का वादा मिलने पर टावर से उतरी थी नाजिया
मेहताब से निकाह कराने का वादा मिलने पर नाजिया टावर से उतरी थी. मंगलवार को मेहताब बेंगलुरु से घर लौटा और रुधाली थाने के बगल में स्थित मस्जिद में दोनों परिवारों की मौजूदगी में निकाह पढ़ाया गया. फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.